IPL 2026: दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के निदेशक आनंद वर्मा ने आरोप लगाया कि वैध टिकट धारकों को अरुण जेटली स्टेडियम पर आईपीएल मैचों के दौरान अनधिकृत लोग प्रवेश करने से रोक रहे हैं, उन लोगों ने धोखेबाजी से नकली टिकट हासिल किये हैं. दूसरी ओर, डीडीसीए के आला अधिकारियों ने इस आरोप का खंडन किया है. डीएम (मध्य जिला ) से की गई शिकायत में वर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके मेहमानों को चार अप्रैल को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच के दौरान स्टेडियम के हॉस्पिटेलिटी हिस्से में प्रवेश नहीं करने दिया गया जबकि उनके पास वैध टिकट थे.
दूसरे लोग नकली टिकट पर स्टेडियम में घुसे
डीडीसीए डायरेक्टर ने दावा किया कि उन्हें दिये गए टिकट नंबरों का इस्तेमाल अनधिकृत व्यक्तियों’ द्वारा पहले ही किया जा चुका था. डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने हालांकि इसे तकनीकी मसला बताया. वर्मा ने कहा, ‘वादी और उनके मेहमान जब प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो उन्हें अवैध तरीके से रोक दिया गया और वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भीतर नहीं जाने दिया.’ उन्होंने कहा, ‘जांच के बाद पता चला कि उनके पास मौजूदा दो वैध टिकट पहले ही स्कैन हो चुके थे और अनधिकृत और अज्ञात व्यक्तियों ने उनका प्रयोग कर लिया था.’
डीडीसीए में शिकायत कर चुके हैं आनंद वर्मा
वर्मा ने कहा कि इस धोखेबाजी का पता चलते ही उन्होंने डीडीसीए के मुख्य वित्त अधिकारी मनन गुप्ता से संपर्क किया और टिकटों के अवैध दुरुपयोग की बात कही. वर्मा ने कहा कि उन्होंने डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली के समक्ष भी यह मामला रखा. उन्होंने कहा, ‘त्वरित कार्रवाई करने की बजाय मनन गुप्ता ने उन्हें भूषण नामक व्यक्ति का नंबर दिया जो डीडीसीए में टिकटों के प्रभारी है, लेकिन उन्होंने भी इसका कोई स्पष्ट और संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया.’ अशोक शर्मा ने कहा कि टिकटों का बारकोड तकनीकी खामी के कारण स्कैनर पढ़ नहीं सका.
डीडीसीए बता रहा है तकनीकी गड़बड़ी
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स ने हमें बताया कि कोई तकनीकी मामला था. कई बार स्कैनर बारकोड नहीं पढ़ पाता.’ वर्मा ने कहा, ‘मानार्थ टिकटों का दुरूपयोग विश्वास का हनन है और सुरक्षा संबंधी खतरे का भी मामला है. सुरक्षाकर्मियों का इसमें शामिल होना चिंता का विषय है.’ दिल्ली में अभी आईपीएल के पांच मैच और होने हैं.
ये भी पढ़ें…
KKR vs LSG: खराब अंपायरिंग पर फिर बवाल, फिन एलन के कैच पर सोशल मीडिया पर हंगामा
‘जोक ऑफ द सेंचुरी’, बाबर आजम ने उड़ाया सफेद कबूतर; सोशल मीडिया पर हुए जमकर ट्रोल
