Highlights
Shreyas Iyer on Sarpanch Tag: IPL 2026 का आगाज होने में 6 दिन का समय बचा है, लेकिन इससे पहले श्रेयस अय्यर ने बड़ा बयान दिया है. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को क्रिकेट फैंस ने ‘सरपंच’ का नाम दिया है. आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में पंजाब की टीम ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपए देकर खरीदा और अपना कप्तान बनाया. श्रेयस को फैंस का दिया यह नाम बहुत पसंद है. हालांकि उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि उनके लिए कोई भी नाम या टैग ज्यादा मायने नहीं रखता है. उनके और टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज सिर्फ मैच जीतना है.
कैसे मिला सरपंच का नाम
पंजाब किंग्स की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्रेयस अय्यर ने सरपंच टैग के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उन्हें यह नाम पिछले साल ही मिल गया था. जब उन्हें पहली बार किसी ने सरपंच कहा, तो उन्हें इसका असली मतलब नहीं पता था. इसके बाद उन्होंने अपने साथी गेंदबाज अर्शदीप सिंह से इसका मतलब पूछा.
श्रेयस ने अर्शदीप से पूछा कि इस शब्द का मीनिंग क्या है और इसे यहां किस तरह से इस्तेमाल किया जाता है. इस पर अर्शदीप ने उन्हें बताया कि कम्युनिटी या समाज के मुखिया को सरपंच कहा जाता है. मतलब जानने के बाद श्रेयस को लगा कि यह टैग उन पर पूरी तरह से सूट करता है.
फैंस का प्यार और मोटिवेशन
श्रेयस ने आगे बताया कि ऐसा नहीं है कि यह नाम उन्हें अचानक से पसंद आ गया. पिछले एक साल से वह जब भी कहीं बाहर जाते हैं या रास्ते से गुजरते हैं, तो फैंस उन्हें इसी नाम से पुकारते हैं. लोग जब भी उनसे मिलते हैं, तो उन्हें सरपंच ही बुलाते हैं. फैंस के मुंह से यह नाम सुनकर उन्हें एक अलग तरह की खुशी और मोटिवेशन मिलता है. इस नए सीजन में टीम के साथ जुड़ने के बाद उन्हें पता है कि लोगों की उम्मीदें उनसे बहुत ज्यादा हैं. यह टैग उन्हें उन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रेरित करता है.
चुनौती और अच्छी टीम का साथ
नए कप्तान ने यह भी कहा कि उन्हें अपने करियर में हमेशा से नई चुनौतियां लेना बहुत पसंद रहा है. किसी भी बड़े चैलेंज को पूरा करने और टूर्नामेंट जीतने के लिए आपको हमेशा एक अच्छी टीम की जरूरत होती है. श्रेयस ने भरोसा जताया है कि इस साल पंजाब किंग्स के पास एक बहुत ही मजबूत और शानदार टीम है. उन्होंने कहा कि जब वह मैदान पर उतरते हैं, तो उनका एकमात्र लक्ष्य अपनी टीम को जीत दिलाना होता है. बाकी सभी चीजें उनके लिए दूसरे नंबर पर आती हैं.
पंजाब का अधूरा सपना
पंजाब किंग्स की टीम इस साल आईपीएल में अपनी पुरानी और अधूरी ख्वाहिश को पूरा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. इस टीम का इतिहास रहा है कि यह दो बार आईपीएल के फाइनल में अपनी जगह बना चुकी है. लेकिन दोनों ही बार इस टीम को खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. पिछले साल भी इस टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सकी. अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब की टीम अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेगी.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026: MI के इवेंट में रोहित का जलवा, स्टेज पर जमकर थिरके हिटमैन
IPL 2026: प्रैक्टिस मैच में अभिषेक का तूफान, सेंचुरी से चूके, ईशान ने गेंदबाजों को धोया
रसेल के रिप्लेसमेंट ग्रीन पर अश्विन ने उठाए सवाल, बोले- KKR को पैसा काटने का हक
