पंत को लग सकता है बड़ा झटका, टॉम मूडी ने दिए कप्तानी बदलने के संकेत

Tom Moody: शनिवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया. इस करारी हार के बाद से लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर खतरा मंडराने लगा है.

Tom Moody: ऋषभ पंत पिछले दो सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए कप्तान के तौर पर कुछ खास नहीं कर पाए. इसके बाद अब उनसे कप्तानी छीनी जा सकती है. टीम के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने खुद माना है कि पंत कप्तान के रूप में दबाव नहीं झेल पा रहे हैं. लखनऊ की टीम साल 2025 में सातवें नंबर पर रही थी. इस सीजन में तो उसका प्रदर्शन उससे भी ज्यादा खराब रहा. पंत की कप्तानी में लखनऊ ने दो सीजन में कुल 28 मैच खेले, जिनमें से टीम को सिर्फ 10 मैचों में ही जीत मिल सकी.

टीम मैनेजमेंट ने क्या कहा

शनिवार को पंजाब किंग्स से 7 विकेट से हारने के बाद, टॉम मूडी ने पत्रकारों से बातचीत किया और कहा- “हम जैसा प्रदर्शन करना चाहते थे, वैसा बिल्कुल नहीं कर पाए. जहाँ तक टीम की कप्तानी का सवाल है, तो यह एक ऐसा मामला है जिस पर हम आगे चलकर बहुत गंभीरता से सोचेंगे. हम हर सीजन के बाद टीम के हर हिस्से की समीक्षा करते हैं और सोच-समझकर फैसले लेते हैं. लेकिन इस बार ऐसा लग रहा है कि हमें बिल्कुल नए सिरे से काम करने की ज़रूरत है.” उन्होंने आगे कहा, “इस खराब प्रदर्शन के लिए किसी एक इंसान को कसूरवार नहीं ठहराया जा सकता. इस खराब सीजन के लिए हम सभी बराबर के ज़िम्मेदार हैं. यह किसी एक पर उंगली उठाने या दोष मढ़ने का समय नहीं है. हम सबको शांति से बैठकर सोचने के लिए थोड़ा वक्त चाहिए. लेकिन कुछ कमियां ऐसी हैं जिन्हें सुधारना बेहद ज़रूरी है और हम उन्हें ज़रूर ठीक करेंगे.”

पंत पर प्राइस टैग का दबाव

लखनऊ की टीम ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था, यही वजह थी कि पहले मैच से ही उन पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं. लेकिन इस बड़े प्राइस टैग के दबाव के बीच वह रनों के लिए तरसते नजर आए और फॉर्म के लिए संघर्ष करते रहे. पंत को भारत के सबसे ताबड़तोड़ और खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जाता है. उनका सबसे बेहतरीन दौर 2018 और 2019 के आईपीएल में देखने को मिला था. आईपीएल 2018 में पंत ने तबाही मचाते हुए करीब 174 के स्ट्राइक रेट से 684 रन कूट दिए थे. आईपीएल 2019 में भी उनका जलवा कायम रहा और उन्होंने लगभग 163 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए थे.

टीम इंडिया से भी झटका

अगर आंकड़ों की बात करें, तो लखनऊ के लिए खेलते हुए पंत ने दो सीजन में कुल 581 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135.74 का रहा, जो उनके करियर के कुल स्ट्राइक रेट से काफी कम है. पंत के लिए मुश्किलें सिर्फ आईपीएल में ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी बढ़ रही हैं. हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम में उनकी जगह केएल राहुल को उप-कप्तान बना दिया गया. इसके अलावा पंत को वनडे टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. ऐसे खराब दौर के बीच ही अब टॉम मूडी का यह बड़ा बयान सामने आया है.

यह भी पढ़े- साथी खिलाड़ियों का मज़ाक उड़ाने वाले, खुद मैच में बुरी तरह हो रहे फ्लॉप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >