MI vs PBKS: डिकॉक का शतक बेकार, प्रभसिमरन और श्रेयस ने पंजाब को दिलाई 7 विकेट से जीत

MI vs PBKS: IPL 2026 के रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से रौंदा. क्विंटन डी कॉक के 112* रनों के बावजूद मुंबई हार गई. देखें प्रभसिमरन सिंह (80*) और श्रेयस अय्यर (66) की आतिशी पारी और अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी का पूरा विश्लेषण.

MI vs PBKS: आईपीएल 2026 के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उनके घर में ही करारी शिकस्त दी है. मुंबई द्वारा रखे गए 196 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी पारियों की बदौलत महज 16.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. वानखेड़े स्टेडियम मे एमआई अपनी हार को टाल नहीं पाई. इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही. सलामी बल्लेबाज रायन रिकल्टन (2 रन) और स्टार खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव (00) सस्ते में पवेलियन लौट गए.

बेकार हो गई डिकॉक की सेंचुरी

अब इसके बाद पूरी जिम्मेदारी क्विंटन डिकॉक पर आ गई और उन्होंने एक छोर थामे रखा. डिकॉक ने 112 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 7 छक्के जड़े. नमन धीर (50) के साथ उनकी साझेदारी ने मुंबई को 195/6 के स्कोर तक पहुंचाया. पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए और मुंबई की कमर तोड़ दी. आज के अपने प्रदर्शन में अर्शदीप ने अपना 100वां आईपीएल विकेट भी पूरा किया.

प्रभसिमरन और श्रेयस का ‘पावर शो’

196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. ओपनर बैटर प्रभसिमरन सिंह ने मुंबई के गेंदबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया. उन्होंने मात्र 39 गेंदों पर 80 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे. कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी फॉर्म में वापसी करते हुए 35 गेंदों पर 66 रन (5 चौके, 4 छक्के) ठोक दिए. दोनों के बीच हुई तेजतर्रार साझेदारी ने मैच को पूरी तरह से मुंबई की पकड़ से बाहर कर दिया. अंत में मार्कस स्टोइनिस ने 10 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया.

मुंबई की गेंदबाजी पूरी तरह फ्लॉप

मुंबई इंडियंस के अनुभवी गेंदबाज आज काफी महंगे साबित हुए. जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 41 रन लुटाए, जबकि दीपक चाहर ने महज 2.3 ओवर में 45 रन दे दिए. स्पिनर एएम गजनफर ने जरूर 2 विकेट लिए, लेकिन वे पंजाब की रन गति पर लगाम लगाने में नाकाम रहे. स जीत के साथ पंजाब किंग्स ने पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि मुंबई इंडियंस को अपनी गेंदबाजी रणनीतियों पर फिर से विचार करना होगा.

ये भी पढ़ें…

क्विंटन डिकॉक ने जड़े 60 गेंदों में 112 रन, पूरी कर दी रोहित शर्मा की कमी

Watch: श्रेयर अय्यर का कैच देखकर रोहित और सूर्या की आंखें फटी की फटी रह गईं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >