सुपरमैन बने मनीष पांडे! 36 की उम्र में हवा में उड़कर लपका कैमरून ग्रीन का कैच

Manish Pandey Catch: आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रैक्टिस मैच में मनीष पांडे ने अपनी शानदार फील्डिंग का नजारा पेश किया है. 36 साल के मनीष ने वाइड लॉन्ग ऑफ पर हवा में उड़ते हुए कैमरून ग्रीन का एक अद्भुत कैच लपका, जिसकी हर तरफ जमकर चर्चा हो रही है.

Manish Pandey Catch: मनीष पांडे को भारतीय क्रिकेट में उनकी फील्डिंग के लिए हमेशा जाना जाता है. उन्होंने मैदान पर कई शानदार कैच पकड़े हैं. मनीष अब 36 साल के हो चुके हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा हैं. उन्हें कम ही मैचों में खेलने का मौका मिलता है. घरेलू क्रिकेट में वह 2024 के बाद कर्नाटक के लिए नहीं खेले हैं. लेकिन उनकी फिटनेस और चुस्ती में कोई कमी नहीं आई है. हाल ही में केकेआर के एक प्रैक्टिस मैच में उन्होंने हवा में उड़ते हुए एक अद्भुत कैच पकड़ा है.

कैमरून ग्रीन का हैरतअंगेज कैच

कोलकाता की टीम आईपीएल 2026 की तैयारी के लिए प्रैक्टिस मैच खेल रही है. इसी मैच में मनीष पांडे ने कैमरून ग्रीन का हैरतअंगेज कैच लपका. तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने फुलटॉस गेंद फेंकी थी जिस पर ग्रीन ने सामने की तरफ शॉट मारा. मनीष वाइड लॉन्ग ऑफ पर खड़े थे. उन्होंने अपनी दाईं ओर दौड़ लगाते हुए हवा में छलांग लगाई और कैच पकड़ लिया. इस कैच ने सबको हैरान कर दिया. कैमरून ग्रीन ने आउट होने से पहले 30 गेंदों का सामना किया और 52 रनों की अच्छी पारी खेली.

रहाणे की टीम ने बनाए 249 रन

यह केकेआर टीम का दूसरा प्रैक्टिस मैच था. इसमें अजिंक्य रहाणे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 249 रन का बड़ा स्कोर बनाया. कप्तान रहाणे ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए सिर्फ 25 गेंद पर 58 रन ठोक दिए. उनके अलावा फिल एलन ने भी तेजी से रन बनाए और 16 गेंद पर 31 रन की पारी खेली. रमनदीप सिंह ने तो और भी तेज बल्लेबाजी की. उनके बल्ले से केवल 15 गेंद पर 42 रन निकले. इन पारियों की मदद से टीम ने इतना बड़ा स्कोर खड़ा किया.

एक रन से मिली रोमांचक जीत

दूसरी पारी में मनीष पांडे की कप्तानी वाली टीम की शुरुआत खराब रही. 13वें ओवर तक इस टीम ने 91 रन पर ही 7 विकेट गंवा दिए थे. मैच को रोचक बनाने के लिए बाद में टारगेट को बदलकर 190 रन कर दिया गया. टिम सिफर्ट ने 24 गेंद पर 42 रन और राहुल त्रिपाठी ने 19 गेंद पर 42 रन बनाकर मैच को करीब ला दिया. लेकिन आखिरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने अच्छी गेंदबाजी की और अजिंक्य रहाणे की टीम को 1 रन से रोमांचक जीत दिला दी.

29 मार्च को मुंबई से केकेआर का मैच

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी. यह मुकाबला 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. क्रिकेट फैंस इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. केकेआर की टीम आईपीएल के इतिहास में तीन बार चैंपियन बन चुकी है. हालांकि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वह प्लेऑफ में अपनी जगह नहीं बना पाई थी. इस बार टीम नए जोश के साथ मैदान पर उतरेगी.

ये भी पढ़ें-

IPL 2026 में किस नंबर पर खेलेंगे केएल राहुल? अक्षर ने साफ की रणनीति

IPL 2026 से पहले अक्षर पटेल का छलका दर्द, इस नियम को बताया खराब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >