LSG vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में खेले गए सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया है. 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी के मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा और स्कोर बराबर कर लिया. अब सुपर ओवर की बारी थी. लखनऊ की ओर से सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन और एडन मारक्रम आए. केकेआर के सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर पूरन को बोल्ड कर दिया. अब कप्तान ऋषभ पंत बैटिंग के लिए आए. उन्होंने दूसरी गेंद पर एक रन लिया. तीसरी गेंद पर मारक्रम ने एक बड़ा शॉट लगाया और बाउंड्री पर कैच हो गए. केकेआर को जीत के लिए दो रनों का टारगेट मिला. बाद में रिंकू सिंह ले प्रिंस यादव की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर यह मुकाबला जीत लिया. यह आईपीएल के इस सीजन का पहला सुपर ओवर था.
जैसे-तैसे स्कोर बराबर कर पाया एलएसजी
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान ऋषभ पंत ने 38 गेंदों में 42 रन बनाए. एडेन मार्कराम ने भी 31 रन की पारी खेली. हालांकि टीम को जीत के लिए अंत में रन की जरूरत थी लेकिन कोलकाता के गेंदबाजों के कारण मैच आखिरी गेंद तक चला गया. लखनऊ के बल्लेबाज जीत के करीब पहुंच कर भी लक्ष्य पूरा करने में नाकाम रहे. जब आखिरी गेंद पर 7 रनों की जरूरत थी, तब मोहम्मद शमी ने छक्का जड़ दिया और मैच सुपर ओवर में चला गया.
विलेन बनते-बनते बचे कार्तिक त्यागी
गेंदबाजी में कोलकाता के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. 155 रनों के टोटल को डिफेंड करते हुए उन्होंने एलएसजी को कोई भी मौका नहीं बनाने दिया. आखिरी ओवर में कार्तिक त्यागी ने लगातार दो नो बॉल दिए और उससे लखनऊ की जीत की आस बढ़ी. हालांकि उन्होंने बाद में खुद पर नियंत्रण किया और मैच टाई हो गया. वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए. कैमरून ग्रीन, सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने भी 1-1 विकेट चटकाया.
केकेआर की पारी का हाल
रिंकू सिंह की 51 गेंदों पर खेली गई 83 रनों की जुझारू नाबाद पारी की बदौलत केकेआर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहसिन खान के चार ओवरों में 5/23 के करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन को मात देते हुए 20 ओवरों में 155/7 का स्कोर खड़ा किया. केकेआर ने 15 ओवरों में 93/7 के खराब प्रदर्शन से उबरते हुए 155/7 का स्कोर खड़ा किया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन ने सीजन के सबसे घातक शुरुआती स्पेल में से एक का प्रदर्शन करते हुए केकेआर के बल्लेबाजी क्रम को बेरहमी से ध्वस्त कर दिया.मोहसिन ने दूसरे ओवर में ही टिम सीफर्ट को शून्य पर आउट करके शुरुआती झटका दिया.
मोहसिन खान ने खोला पंजा
मोहसिन ने अपना आक्रामक खेल जारी रखते हुए चौथे ओवर में अनुभवी अजिंक्य रहाणे (10) को आउट किया और फिर 11वें ओवर में खतरनाक कैमरून ग्रीन (34) को पवेलियन भेजा, जिन्होंने तीन छक्के लगाकर कुछ देर के लिए पलटवार करने की कोशिश की थी. मोहसिन ने रोवमैन पॉवेल और अनुकूल रॉय को भी आउट कर सनसनीखेज पांच विकेट (5/23) पूरे किए, जिससे केकेआर 11 ओवरों के बाद 73/6 पर लड़खड़ा गई. एक समय केकेआर के लिए 100 रन का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल लग रहा था. फिर रिंकू सिंह का तूफान आया.
ये भी पढ़ें…
Lungi Ngidi ने अपनी चोट पर दिया अपडेट, जानें कब होगी मैदान पर वापसी
DC vs PBKS: 152 रन जड़ केएल राहुल ने बनाया रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बनें पहले इंडियन
