KKR vs LSG: मुकुल चौधरी के तूफान में उड़ा केकेआर, नहीं नसीब हुई पहली जीत

KKR vs LSG: Mukul Choudhary ने 7 छक्कों की तूफानी पारी खेलकर Lucknow Super Giants को शानदार जीत दिलाई. Kolkata Knight Riders को ईडन गार्डन्स में 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. चौधरी ने आखिरी दो गेंद पर 7 रन बनाकर अपनी टीम की झोली में एक और जीत डाल दी. जबकि केकेआर को अब भी सीजन की पहली जीत का इंतजार है.

KKR vs LSG: आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके घर ईडन गार्डन्स में 3 विकेट से हरा दिया है. कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रन बनाए थे. जवाब में लखनऊ की टीम ने 7 विकेट खोकर 182 रन बनाए और आखिरी गेंद पर मैच जीत लिया. लखनऊ की इस जीत के हीरो मुकुल चौधरी और आयुष बदोनी रहे, जिन्होंने संकट के समय शानदार अर्धशतक लगाए. मुकुल चौधरी ने आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी कर कोलकाता के हाथ से मैच छीन लिया. मुकुल ने 27 गेंद पर 54 रनों की बेजोड़ नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और दो चौके जड़े.

लखनऊ की खराब शुरुआत और टॉप ऑर्डर फेल

182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही. ओपनर मिचेल मार्श सिर्फ 15 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने. इसके बाद एडन मार्करम ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले, लेकिन वह भी 22 रन बनाकर चलते बने. कप्तान ऋषभ पंत से टीम को बहुत उम्मीदें थीं, मगर वह केवल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वैभव अरोड़ा ने शुरुआत में दो विकेट लेकर कोलकाता को मैच में आगे कर दिया था. लखनऊ का टॉप ऑर्डर जल्दी गिर जाने से टीम पर दबाव काफी बढ़ गया था.

आयुष बदोनी ने संभाली लखनऊ की पारी

जब लखनऊ की टीम मुश्किल में थी, तब आयुष बदोनी ने मोर्चा संभाला. बदोनी ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 54 रनों की कीमती पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए. बदोनी ने एक छोर संभाले रखा जिससे टीम का स्कोर आगे बढ़ता रहा. उन्हें अनुकूल रॉय ने रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट कराया. बदोनी की इस पारी ने लखनऊ के लिए जीत की नींव रखने का काम किया. उनकी बल्लेबाजी की वजह से ही लखनऊ की टीम मैच में वापसी कर सकी.

मुकुल चौधरी का तूफान और छक्कों की बरसात

मैच का सबसे बड़ा रोमांच मुकुल चौधरी की बल्लेबाजी के दौरान देखने को मिला. मुकुल ने मैदान पर आते ही कोलकाता के गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी. उन्होंने मात्र 27 गेंदों में नाबाद 54 रन ठोक दिए. मुकुल की पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने केवल 2 चौके लगाए लेकिन 7 गगनचुंबी छक्के जड़े. उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा. मुकुल ने अंत तक टिककर टीम को जीत दिलाई. निकोलस पूरन 13 रन और अब्दुल समद 2 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन मुकुल ने हार नहीं मानी और लखनऊ को सीजन की एक और बड़ी जीत दिला दी.

केकेआर की पारी का हाल

केकेआर ने एलएसजी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 181 रनों का स्कोर खड़ा किया. टॉस जीतकर एलएसजी ने पहले फील्डिंग करने का विकल्प चुना, क्योंकि पिच से मैच आगे बढ़ने पर तेज और स्पिन दोनों गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद थी. कोलकाता को पारी में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से बड़ा स्कोर बनाने में बाधा आई. एलएसजी के प्रिंस यादव ने दूसरे ही ओवर में ओपनर फिन एलन को 9 रन पर आउट करके शुरुआती झटका दिया. हालांकि, कप्तान अजिंक्य रहाणे (24 गेंदों में 41 रन) और अंगकृष रघुवंशी (33 गेंदों में 45 रन) ने जोरदार जवाब देते हुए पावरप्ले में केकेआर को 56 रन पर पहुंचाया.

पॉवेल और ग्रीन ने बचाई लाज

दोनों बल्लेबाजों ने छठे ओवर में आवेश खान को 16 रन मारे, जिसमें रहाणे का एक शानदार छक्का भी शामिल था, जिससे लग रहा था कि वे मैच को अपने पक्ष में कर लेंगे. मैच का निर्णायक मोड़ तब आया जब एलएसजी के स्पिन गेंदबाज दिग्वेश सिंह राठी और मणिमारन सिद्धार्थ को गेंदबाजी के लिए लाया गया. राठी ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर रहाणे को आउट करके दूसरे विकेट के लिए खतरनाक 84 रन की साझेदारी को तोड़ा. रहाणे और रघुवंशी के बीच 84 रन की साझेदारी एलएसजी के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए केकेआर की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी. इससे पहले 2024 में इसी मैदान पर श्रेयस अय्यर और साल्ट ने तीसरे विकेट के लिए 120* रन जोड़े थे.

अगले ही ओवर में स्पिनर सिद्धार्थ ने रघुवंशी को आउट कर दिया. 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर तेज गेंदबाज आवेश खान ने रिंकू सिंह (4) को क्लीन बोल्ड कर दिया. 15 ओवरों के बाद तीन बार की चैंपियन टीम 115/4 पर पहुंच गई. एलएसजी के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी जारी रखते हुए रनों पर नियंत्रण बनाए रखा. हालांकि, रोवमैन पॉवेल (24 गेंदों में 39) और कैमरन ग्रीन (24 गेंदों में 32) की शक्तिशाली जोड़ी ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर स्कोर को 180 के पार पहुंचा दिया.

ये भी पढ़ें…

गुजरात से 1 रन से हारकर दिल्ली ने बनाया यह रिकाॅर्ड

शुभमन गिल पर लगा 12 लाख रुपये का जुर्माना, जानें क्या है कारण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >