IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चोटिल शिवम मावी की जगह आरएस अंबरीश को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शेष मैचों के लिए टीम में शामिल किया है. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शिवम मावी को ग्रोइन इंजरी के कारण टीम से बाहर होना पड़ा है. ऑलराउंडर आरएस अंबरीश आईसीसी पुरुष अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताब विजेता टीम का हिस्सा थे और टूर्नामेंट में 11 विकेट लेकर टीम के संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे.
आईपीएल ने जारी किया बयान
आईपीएल के एक बयान के अनुसार, ‘सनराइजर्स हैदराबाद ने शिवम मावी के स्थान पर आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शेष मैचों के लिए शिवम मावी के स्थान पर आरएस अंबरीश को चुना है. दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज मावी ग्रोइन इंजरी के कारण मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं.’ सनराइजर्स ने अपनी तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूत करने के लिए यह फैसला किया है.
बयान में आगे कहा गया, ‘ऑलराउंडर आरएस अंबरीश आईसीसी पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में विजयी भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे. टूर्नामेंट में उन्होंने 11 विकेट लेकर भारतीय अंडर-19 टीम के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का खिताब भी अपने नाम किया. दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज अंबरीश 30 लाख रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) में शामिल हुए हैं.’
सनराइजर्स का अगला मुकाबला 3 मई को
आरएस अंबरीश एक युवा गेंदबाजों से भरी गेंदबाजी पंक्ति में शामिल हो रहे हैं. एसआरएच ने प्रफुल हिंगे (24) और साकिब हुसैन (21) जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जिन्होंने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है. सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल 12 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है और उसने लगातार पांच जीत हासिल की है. उनका अगला मुकाबला रविवार, 3 मई को हैदराबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा.
ये भी पढ़ें:
Video: कोई पर्सनली मुझे कुछ बोलता है तो…वैभव सूर्यवंशी ने प्रफुल्ल हिंगे को दिया बल्ले से जवाब
‘100 रुपये लगेंगे तभी मिलेगी फोटो’, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने नन्हे फैंस के साथ किया प्रैंक
