IPL 2026 Schedule Change: आईपीएल के 19वें सीजन के शेड्यूल में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बदलाव किया है. टूर्नामेंट शुरू हुए दो हफ्ते से अधिक का समय बीत चुका है और 20 से अधिक मैच खेले जा चुके हैं. पहले ही पूरे सीजन का कार्यक्रम आ चुका था. लेकिन अब अचानक बीसीसीआई ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच होने वाले दो मुकाबलों की जगह को आपस में बदल दिया है. इस बात की जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है. इन दोनों मैचों की तारीख वही है लेकिन वेन्यू बदल गए हैं.
नगर निगम चुनाव की वजह से हुआ बदलाव
बीसीसीआई ने मैच के शेड्यूल में यह बदलाव गुजरात में होने वाले नगर निगम चुनावों को देखते हुए किया है. 26 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद और गुजरात के कई अन्य हिस्सों में चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं. चुनाव के दौरान सुरक्षा और अन्य सरकारी कामकाज बहुत अधिक होते हैं. इस कारण से प्रशासन को मैच कराने में परेशानी आ सकती थी. इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह कदम उठाया है.
26 अप्रैल का मुकाबला अब चेन्नई में होगा
पुराने शेड्यूल के मुताबिक 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना तय हुआ था. यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से खेला जाना था. लेकिन अब यह मैच चेन्नई के घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. फैंस के लिए अच्छी बात यह है कि मैच के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे ही शुरू होगा.
21 मई का दूसरा मैच अहमदाबाद में खेला जाएगा
इस बदलाव का असर दोनों टीमों के बीच होने वाले दूसरे मैच पर भी हुआ है. पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और साल 2022 की विजेता टीम गुजरात टाइटंस के बीच इस सीजन का दूसरा मैच 21 मई को होना है. पहले यह मुकाबला चेन्नई में खेला जाना था. लेकिन अब यह मैच गुजरात के घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कराया जाएगा. यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.
चुनाव आयोग की घोषणा के बाद आया था पूरा शेड्यूल
बीसीसीआई ने जब आईपीएल 2026 के शेड्यूल का पहला भाग जारी किया था तब उसमे सिर्फ शुरुआती 20 मैचों की ही जानकारी दी गई थी. उस समय देश भर में होने वाले आम चुनावों की तारीख नहीं आई थी. बाद में जब चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के लिए इलेक्शन की तारीखों का ऐलान कर दिया तब जाकर बोर्ड ने बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था.
चेन्नई और गुजरात का अब तक का खेल
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के अब तक के सफर की बात करें तो दोनों टीमों ने कुछ खास कमाल नहीं दिखाया है. गुजरात टाइटंस की टीम ने इस सीजन में अब तक चार मैच खेले हैं. इसमें से टीम दो मैच जीतने में सफल रही है और दो मैचों में उसे हार मिली है. दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपने चार मैच खेले हैं. टीम को पहले तीन मुकाबलों में लगातार हार मिली थी लेकिन चौथे मैच में टीम अपनी पहली जीत दर्ज करने में कामयाब रही.
ये भी पढ़ें-
SRH vs RR: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद की बैटिंग, प्लेइंग इलेवन में हुआ बदलाव
सचिन तेंदुलकर के छलक पड़े आंसू, आशा भोसले को दी आखिरी विदाई, सिराज ने पोती को संभाला
क्या हैमस्ट्रिंग की चोट से बाहर होंगे रोहित शर्मा? अगले मैच में खेलने पर सस्पेंस
