Highlights
Phil Salt Catch Video: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के पहले मुकाबले में फिल साल्ट ने ‘कैच ऑफ द सीजन’ की दावेदारी पेश कर दी है. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला चल रहा है. इस दौरान साल्ट ने दो ऐसे कैच लपके, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. उन्होंने पहले हेनरिक क्लासेन और फिर कप्तान ईशान किशन को अपनी चीते जैसी फुर्ती से पवेलियन भेजा.
बाउंड्री लाइन पर लपका शानदार कैच
मैच का 14वां ओवर रोमारियो शेफर्ड कर रहे थे. उनकी पहली बॉल पर हेनरिक क्लासेन ने मिड विकेट की दिशा में हवा में शॉट खेला. बॉल बाउंड्री के बेहद करीब थी. फिल साल्ट ने भागकर कैच पकडा और संतुलन बिगडने के कारण जमीन पर गिर गए. मैदानी अंपायर ने तीसरे अंपायर से मदद मांगी. कई रिप्ले देखने के बाद टीवी अंपायर ने क्लासेन को आउट करार दिया. इस फैसले से बल्लेबाज खुश नहीं दिखे. वह 22 बॉल में 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
हवा में छलांग लगाकर लिया एक हाथ से कैच
साल्ट का कमाल यहीं खत्म नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने हैरतअंगेज तरीके से एक और कैच पकडा. हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन आक्रामक बैटिंग कर रहे थे. अभिनंदन सिंह की बॉल पर ईशान ने बल्ले का मुंह खोलकर पॉइंट की तरफ शॉट मारा. साल्ट ने अपनी दाहिनी ओर दौड लगाते हुए हवा में छलांग लगाई और एक हाथ से बॉल को दबोच लिया. ईशान 38 बॉल में 80 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में 5 छक्के और 8 चौके जडे.
ईशान और क्लासेन की अहम साझेदारी
रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया था. पावरप्ले के अंदर ही हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में तीन विकेट गंवा दिए. इन तीनों बल्लेबाजों को अपना डेब्यू मैच खेल रहे जैकब डफी ने आउट किया. शुरुआती झटकों के बाद ईशान और क्लासेन ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 53 बॉल पर 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
हैदराबाद की टीम ने बनाया 201 रन का स्कोर
लगातार विकेट गिरने के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन का बडा स्कोर खडा किया. पारी के अंत में अनिकेत वर्मा ने ताबडतोड बैटिंग की. उन्होंने महज 18 बॉल पर 43 रन ठोके, जिससे उनकी टीम 200 के पार पहुंच सकी. बेंगलुरु की तरफ से जैकब डफी के साथ रोमारियो शेफर्ड ने भी शानदार बॉलिंग करते हुए तीन विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026: डेब्यू मैच में जैकब डफी का आतंक, विकेट निकालकर हैदराबाद को किया पस्त
IPL 2026: ओपनिंग मैच में अभिषेक का फ्लॉप शो, इस गेंदबाज ने लिया T20 WC का बदला!
IPL 2026 का आगाज, बेंगलुरु में विक्ट्री परेड में जान गंवाने वाले 11 फैंस को मिला सम्मान
