Highlights
आईपीएल 2026 (IPL 2026) की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. इस नए सीजन के शुरू होने से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) मैनेजमेंट ने एक बेहद अहम फैसला लिया है. पिछले साल 4 जून 2025 को आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था. इस जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जुट गई थी और वहां भगदड़ मच गई थी. इस दर्दनाक हादसे में 11 फैंस की जान चली गई थी. अब अपनी जान गंवाने वाले उन 11 क्रिकेट प्रेमियों को सम्मान देने के लिए फ्रेंचाइजी ने स्टेडियम में कुछ बड़े बदलाव करने का निर्णय लिया है.
हमेशा खाली रहेंगी 11 सीटें
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की याद में आरसीबी और राज्य क्रिकेट संघ ने मिलकर तय किया है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड की 11 सीटें हमेशा के लिए खाली रखी जाएंगी. अब से आईपीएल हो या कोई भी इंटरनेशनल क्रिकेट मैच, इन 11 सीटों की टिकट कभी नहीं बेची जाएगी. इन सीटों पर अब कभी कोई दर्शक नहीं बैठेगा. यह फैसला खेल जगत में फैंस के प्रति एक बड़ी श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है.
स्टेडियम में स्मारक और 11 नंबर की जर्सी
स्टेडियम के एंट्री गेट के पास एक खास स्मारक भी बनाया जा रहा है. इसका उद्घाटन 28 मार्च को आईपीएल के पहले मैच से ठीक पहले किया जाएगा. मैच वाले दिन मैदान की बड़ी स्क्रीन पर सभी 11 पीड़ितों के नाम दिखाए जाएंगे और उनके सम्मान में एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा. इसके साथ ही, इस सीजन में आरसीबी के सभी खिलाड़ी अपने प्रैक्टिस सेशन के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे. टीम के सीईओ राजेश मेनन ने साफ किया है कि अब हर मैच के लिए कड़े सुरक्षा नियम लागू कर दिए गए हैं.
सुरक्षा कारणों से छिन गई थी मेजबानी
पिछले साल की इस दुखद घटना के बाद इस स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हुए थे. जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा आयोग ने अपनी जांच के बाद इस मैदान को सुरक्षा के नजरिए से असुरक्षित बताया था. इसी रिपोर्ट के आधार पर इस स्टेडियम से 2025 आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप और 2026 पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी छीन ली गई थी. अब यहां कड़े नियमों के साथ दोबारा क्रिकेट लौट रहा है.
पहले मैच में आरसीबी और हैदराबाद की भिडंत
आईपीएल 2026 की ओपनिंग सेरेमनी और पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु में ही होगा. यह मैच आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों के बीच खेला जाएगा. इस बार आरसीबी टीम की कमान रजत पाटीदार के हाथों में होगी. दूसरी तरफ, हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैचों का हिस्सा नहीं होंगे. उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन हैदराबाद टीम की कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे. पहले मैच में एक बार फिर सभी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें विराट कोहली के प्रदर्शन पर टिकी होंगी.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026 से बाहर हुए यश दयाल, RCB के डायरेक्टर ने बताई गायब होने की असली वजह
IPL 2026: केकेआर कैंप में कार्तिक त्यागी का तूफान, एक ही ओवर में पलट दिया मैच
गलतियां करने से मत डरो, IPL 2026 से पहले पोंटिंग ने PBKS के प्लेयर्स में भरा जोश
