Highlights
MS Dhoni Advice Prashant veer: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को 14.2 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया. इस खिलाड़ी को खरीदने के लिए कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी पूरी ताकत लगाई थी, लेकिन चेन्नई ने सबसे बड़ी बोली लगाकर उन्हें खरीद लिया. इस नीलामी के बाद जब प्रशांत वीर चेन्नई की टीम से जुड़े, तो उन्हें एमएस धोनी से एक बेहद खास सलाह मिली. धोनी ने उन्हें खेल की रणनीति से पहले असल जिंदगी की सीख दी.
धोनी ने दी पैसे बचाने की सलाह
इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद किसी भी खिलाड़ी का ध्यान भटक सकता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए एमएस धोनी ने प्रशांत वीर को अपना पैसा बचाने और उसे बेवजह खर्च न करने की सलाह दी है. प्रशांत ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में बताया कि अभी उनकी धोनी से क्रिकेट के बारे में बहुत ज्यादा बात नहीं हुई है. धोनी ने सबसे पहले उन्हें यही समझाया कि अचानक मिली इस सफलता के बाद जमीन से जुड़े रहना कितना जरूरी है. यह दिखाता है कि धोनी अपने युवा खिलाड़ियों का कितना ध्यान रखते हैं.
रवींद्र जडेजा की जगह लेंगे प्रशांत
चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांत वीर पर इतनी बड़ी कीमत अपनी एक खास रणनीति के तहत लगाई है. असल में चेन्नई की टीम ने 2026 की नीलामी से पहले अपने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड कर दिया था. सीएसके ने प्रशांत को जडेजा की जगह भरने के लिए ही खरीदा है. इस नीलामी में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा अनकैप्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे महंगे बिकने वाले प्लेयर बने हैं. अब प्रशांत के ऊपर अपनी कीमत और टीम की उम्मीदों को सही साबित करने का दबाव होगा.
कैसा है प्रशांत वीर का क्रिकेट करियर?
प्रशांत वीर घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हैं. वह बाएं हाथ के स्पिनर होने के साथ एक बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं. उनके आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक तीन फर्स्ट क्लास, आठ लिस्ट ए और नौ टी20 मैच खेले हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने सात रन बनाकर दो विकेट लिए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 120.9 के स्ट्राइक रेट से 133 रन बनाए और 10 विकेट अपने नाम किए. टी20 में उनका प्रदर्शन और भी शानदार है. टी20 में उन्होंने 167.2 के तेज स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 112 रन बनाए हैं और 12 विकेट झटके हैं.
30 मार्च को चेन्नई खेलेगी पहला मैच
आईपीएल 2026 का 19वां सीजन शुरू होने में अब गिनती के ही दिन बचे हैं. दुनिया भर के क्रिकेट फैंस इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस सीजन का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा. RCB और SRH के बीच पहला मैच खेला जाएगा, वहीं 30 मार्च को पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुवाहाटी में अपने अभियान की शुरुआत करेगी. चेन्नई का यह पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026 से पहले हिटमैन की तैयारी शुरू, छक्का लगाकर खुद कहा ‘कैच इट’
स्कूल में 50 परसेंट लाना था मुश्किल, सूर्यकुमार ने कप्तानी में पाए 80 प्रतिशत नंबर
900 मेहमान, अवधी शाकाहारी खाना… कुलदीप और वंशिका के रिसेप्शन की पूरी डिटेल
