दो हारी हुई टीमें जीत की तलाश में उतरेंगी मैदान पर, कोलकाता और राजस्थान में से किसका पलड़ा भारी

IPL 2025 KKR vs RR: बुधवार को राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स में से कोई एक टीम जीत का स्वाद जरूर चखेगी. दोनों ही टीमों को अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. उन्हें अगले मुकाबले में अपनी कमजोरियों को दूर करने पर ध्यान लगाना होगा.

IPL 2025 KKR vs RR: अपने शुरुआती मैचों में हार का स्वाद चखने वाली डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में बुधवार को जब एक दूसरे का सामना करेंगी तो उनका लक्ष्य अपनी कमजोरयों को जल्द से जल्द दूर करना होगा. नाइट राइडर्स को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में जहां रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (RCB) से सात विकेट से हार का सामने करना पड़ा वहीं राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद से 44 रन की करारी हार झेलनी पड़ी. इन दोनों मैच में नाइट राइडर्स और राजस्थान की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में फेल रही. सुनील नरेन को छोड़कर नाइट राइडर्स का कोई भी गेंदबाज आरसीबी के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाया.

फिल साल्ट और विराट को रोक नहीं पा रहे थे केकेआर के गेंदबाज

ईडन गार्डन्स की पिच पर फिल साल्ट और विराट कोहली ने चक्रवर्ती के खिलाफ आसानी से रन बटोरे. नाइट राइडर्स की टीम को उम्मीद होगी कि यह स्पिनर गुवाहाटी में वापसी करने में सफल रहेगा. नाइट राइडर्स की निगाह एनरिक नोर्किया की फिटनेस पर भी टिकी रहेंगी जो पीठ की जकड़न से उबर रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज अगर फिट घोषित होता है तो उन्हें स्पेंसर जॉनसन की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है. पिछले मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे और नारायण के आउट होने के बाद नाइट राइडर्स का मध्यक्रम बिखर गया था. वेंकटेंश अय्यर और आंद्रे रसेल गलत शॉट खेलकर आउट हुए. टीम प्रबंधन को अब उम्मीद रहेगी कि वह शॉट चयन में सतर्कता बरतेंगे.

रिंकू सिंह का फॉर्म में लौटना बेहद जरूरी

नाइट राइडर्स को इसके अलावा रिंकू सिंह से भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रहेगी. इस आक्रामक बल्लेबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पिछली पांच पारियों में 11, 9, 8, 30, 9 रन ही बनाए हैं. आईपीएल के पहले मैच में भी वह केवल 12 रन बना पाए थे. राजस्थान की टीम को अगर वापसी करनी है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा. सनराइजर्स के खिलाफ पिछले मैच में उसके मुख्य तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 76 रन लुटाए जबकि फजल हक फारूकी और महेश थीक्षाना भी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाए थे. इन सभी के पास गुवाहाटी में वापसी करने का मौका रहेगा. राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग की भी यहां परीक्षा होगी क्योंकि पहले मैच में वह कुछ फैसले करते हुए असमंजस की स्थिति में दिखे.

टीमें इस प्रकार हैं

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, क्विंटन डी कॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, लवनिटी सिसौदिया, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिक नोर्किया, वैभव अरोड़ा, मयंक मारखंडे, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, चेतन सकारिया.
राजस्थान रॉयल्स : रियान पराग (अस्थायी कप्तान), संजू सैमसन, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, कुणाल राठौड़, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा, युद्धवीर सिंह, जोफ्रा आर्चर, महेश थीक्षाना, वानिंदु हसरंगा, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय सिंह, तुषार देशपांडे, फजलहक फारूकी, क्वेना मफाका, अशोक शर्मा, संदीप शर्मा.

यह भी पढ़ें…

शर्मा जी के लड़कों ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड, IPL के 17 वर्षीय इतिहास में हुआ पहली बार, DC के भी हाथ लगे दो कीर्तिमान

जिस मैदान पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी थी सबसे बड़ी हार, वही गाबा स्टेडियम अब तोड़ा जाएगा, जानें क्या है कारण

आशुतोष शर्मा की बल्लेबाजी पर सुनील गावस्कर गदगद, कहा- कभी कभार बाउंड्री पार…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >