'काम अभी अधूरा है…' MI को हराने के बाद श्रेयस अय्यर नहीं मनाया चाहते थे जश्न

IPL 2025 Final: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंद पर नाबाद 87 रन बनाए और मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया. अब मंगलवार को फाइनल मुकाबले में पंजाब का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. दोनों ही टीमें अपना पहला खिताब हासिल करन चाहेंगी.

IPL 2025 Final: पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के लिए काम अभी अधूरा है क्योंकि उनकी नजरें नयी टीम पंजाब किंग्स के साथ लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतने पर लगी है. पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले अय्यर ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ रविवार को 41 गेंद में नाबाद 87 रन बनाकर 11 साल में पहली बार पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाया. पंजाब का सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. अय्यर ने आईपीएल के इस सत्र में करीब 176 की स्ट्राइक रेट से छह अर्धशतक समेत 16 पारियों में 603 रन बनाये हैं.

हालात के हिसाब से बनती है रणनीति

श्रेयस अय्यर ने फाइनल से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘टीम के लिए मैच जीतना सबसे अच्छा अहसास है और दबाव के हालात में तो मैं इसे अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी कहूंगा.’ उन्होंने कहा, ‘मैं हालात के अनुरूप खेलने की कोशिश करता हूं और ज्यादा आगे की नहीं सोचता. अगर मैं लक्ष्य का पीछा कर रहा हूं तो जरूरी रनरेट देखता हूं और यह कि विकेट कैसा है और कौन से गेंदबाज आने हैं. इसके आधार पर ही मैं रणनीति बनाता हूं और मैच को आखिर तक ले जाने की कोशिश करता हूं.’

अय्यर ने कहा कि काम अभी आधा हुआ है लिहाजा रविवार को उनका जश्न मनाने का मन नहीं हुआ. उन्होंने कहा, ‘अभी काम पूरा नहीं हुआ है. हमें कल एक और मैच खेलना है. मैं यही सोच रहा हूं कि अभी काम अधूरा है. मुझे कल फिर खेलना है.’ उन्होंने कहा कि टीम में बाकी खिलाड़ियों के योगदान से उन्हें खुलकर खेलने में मदद मिली. उन्होंने कहा, ‘कप्तान का काम अपने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराना है. हमने टूर्नामेंट में अच्छी शुरूआत की और उस लय को बनाये रखा. इसमें सभी ने योगदान दिया.’

अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग की तारीफ की

अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह शानदार कोच हैं और वह सभी को बराबरी से देखते हैं. इससे हर खिलाड़ी का मनोबल बढता है, चाहे जूनियर हो या सीनियर. इससे उन्हें खुलकर खेलने की आजादी मिलती है.’ अय्यर ने कहा कि इस साल रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी के खिलाफ आईपीएल फाइनल से पहले उन्हें सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी की याद आ रही है. उन्होंने कहा, ‘मुझे मुश्ताक अली ट्रॉफी वाला अहसास हो रहा है. जब मैं रजत से मिला तो मैंने उसे यही कहा कि मुश्ताक अली फाइनल दोहराया जाने वाला है.’ अय्यर की कप्तानी वाली मुंबई टीम ने पाटीदार की कप्तानी वाली मध्यप्रदेश टीम को हराकर मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी.

ये भी पढ़ें…

श्रीलंका ने लगाया पेंच, सस्पेंड हुआ एशिया कप

मैक्सवेल के बाद हेनरिक क्लासेन ने किया संन्यास का ऐलान, एक दिन में 2 बड़े झटके

कौन होगा IPL 2025 चैंपियन? RCB या PBKS में किसका पलड़ा है भारी? फाइनल से पहले ऐसी है तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >