DC vs MI: क्या बारिश बिगाड़ सकती है खेल? जानें पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

DC vs MI: आईपीएल सीजन 19 के पहले डबल हेडर में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की भिड़ंत अरुण जेटली स्टेडियम में होगी. दोनों टीमें अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेंगी. दिल्ली की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल है, लेकिन मैच के दौरान बारिश की भी 55 प्रतिशत संभावना है.

DC vs MI: आईपीएल 2026 का पहला डबल हैडर आज (4 अप्रैल) को है. डबल हैडर का पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होगा. वहीं शाम को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी. दिल्ली और मुंबई के बीच यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों ही टीमें अपना पहला मुकाबला जीतकर आ रही हैं. दिल्ली ने अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को उसी के घर में हराया था. दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को वानखेडे स्टेडियम में मात दी थी. आइए जानते हैं कि इस मैच में पिच और मौसम का हाल कैसा है.

DC vs MI: टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों का खेल

इस मैच में दोनों टीमों के शुरुआती बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर सबका ध्यान होगा. पिछले मैच में दिल्ली के टॉप तीन बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे थे. केएल राहुल शून्य, पाथुम निसांका एक और नितीश राणा सिर्फ पंद्रह रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे. दिल्ली ने 26 रन पर चार विकेट खो दिए थे. इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी ने 70 और ट्रिस्टान स्टब्स ने नाबाद 39 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. इसके उलट मुंबई के टॉप ऑर्डर ने बेहतरीन खेल दिखाया था. रयान रिकेल्टन ने 81 और रोहित शर्मा ने 78 रन बनाए थे. दोनों ने 148 रन की पार्टनरशिप करके दमदार शुरुआत दी थी.

DC vs MI: दिल्ली के स्पिनर बनाम मुंबई के तेज गेंदबाज

गेंदबाजी के मोर्चे पर दोनों टीमों की ताकत अलग अलग है. दिल्ली कैपिटल्स के पास कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के रूप में बहुत अनुभवी स्पिनर मौजूद हैं. वहीं मुंबई इंडियंस के पास तेज गेंदबाजी का शानदार विकल्प है. मुंबई की टीम में ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर जैसे तेज गेंदबाज हैं जो किसी भी बैटिंग लाइनअप को परेशान कर सकते हैं. मुंबई का स्पिन विभाग कागजों पर कमजोर नजर आता है, लेकिन मिचेल सैंटनर इस कमी को पूरा कर सकते हैं.

DC vs MI: अरुण जेटली स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होता है. इस मैदान पर खूब छक्के और चौके लगते हैं, जिससे हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं. साल 2021 से अब तक इस मैदान पर आईपीएल के कुल 23 मैच खेले गए हैं. इन मुकाबलों के रिकॉर्ड बताते हैं कि यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम का औसत स्कोर 200 रन रहा है. ऐसे में शनिवार को भी दर्शकों को एक विशाल स्कोर वाला मैच देखने को मिल सकता है.

DC vs MI: मैच के दौरान मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार इस मैच के दौरान दिल्ली के आसमान में 87 प्रतिशत बादल छाए रहने का अनुमान है. इसके साथ ही मुकाबले के समय 55 प्रतिशत बारिश होने की भी आशंका जताई गई है. अगर बारिश होती है तो मैच का मजा कुछ कम हो सकता है. मौसम के इस हाल को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है, ताकि बाद में बैटिंग करते समय लक्ष्य का आसानी से पीछा किया जा सके.

ये भी पढ़ें-

चेन्नई में जीत के बाद श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना, अब सस्पेंशन का खतरा

चेपॉक में CSK की लगातार 6ठी हार, धोनी की टीम ने IPL में सबसे अधिक बार ठोका 200 प्लस रन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >