IPL 2026 से पहले सीएसके का मास्टरस्ट्रोक, पुराने चैंपियंस के साथ सजेगी महफिल

IPL 2026 CSK Reunion: आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने वाला है. इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 22 मार्च को अपने पुराने और नए खिलाड़ियों के लिए एक रीयूनियन कार्यक्रम रखा है. इस आयोजन में मुथैया मुरलीधरन और ड्वेन ब्रावो जैसे कई पूर्व चैंपियन खिलाड़ी शामिल होंगे. सीएसके का पहला मैच 30 मार्च को है.

IPL 2026 CSK Reunion: आईपीएल के नए सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा. सभी टीमों ने अपने अभ्यास कैंप शुरू कर दिए हैं. खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास कर रहे हैं. इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एक खास प्लान बनाया है. चेन्नई की टीम आईपीएल शुरू होने से ठीक पहले एक बड़ा आयोजन करने वाली है. इसमें टीम के मौजूदा खिलाड़ियों के साथ वह पुराने चेहरे भी दिखाई देंगे जो पहले इस टीम के लिए खेल चुके हैं. इनमें से कई आज दूसरी टीमों में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

22 मार्च को होगा खिलाड़ियों का रीयूनियन

चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल में पांच बार खिताब जीत चुकी है. इस बार टीम प्रबंधन ने एक रीयूनियन प्रोग्राम रखा है. आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में खेला जाना है. इससे पहले 22 मार्च को चेन्नई का यह कार्यक्रम रखा गया है. पहले लगा था कि कोई बड़ी घोषणा होगी. लेकिन यह केवल नए और पुराने क्रिकेटरों के मिलने-जुलने का एक सामान्य प्रोग्राम है. इसमें पहले सीजन से टीम के साथ रहे खिलाड़ियों को न्योता दिया गया है.

शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा कार्यक्रम

आईपीएल टूर्नामेंट को 18 साल बीत चुके हैं. इस साल इसका 19वां सीजन खेला जाएगा. इन सालों में चेन्नई की टीम दो साल छोड़कर हर बार खेली है. टीम को दो साल के लिए बैन का सामना करना पड़ा था. कुल 16 साल में जो भी क्रिकेटर टीम का हिस्सा रहे हैं, सबको बुलाया गया है. यह आयोजन 22 मार्च को शाम 4 बजे से शुरू होकर रात करीब 9 बजे तक चलेगा.

दूसरी टीमों को भी दी गई आयोजन की जानकारी

चेन्नई ने बाकी सभी टीमों को भी इस रीयूनियन की सूचना दे दी है. उन्होंने दूसरी टीमों से अपील की है कि वे अपने दिग्गजों को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भेजें. कई ऐसे पुराने खिलाड़ी हैं जो पहले चेन्नई के लिए मैदान पर उतरते थे, लेकिन आज वह दूसरी फ्रेंचाइजी के कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा बन चुके हैं. एक दिन के लिए यह सभी एक साथ जमा होंगे.

मुरलीधरन, हेडन और ब्रावो के आने की उम्मीद

इसके कई बड़े उदाहरण हमारे सामने मौजूद हैं. मुथैया मुरलीधरन एक समय चेन्नई के लिए गेंदबाजी करते थे, आज वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ हैं. मैथ्यू हेडन भी कभी इसी टीम का हिस्सा थे, जो अब गुजरात टाइटंस से जुड़ गए हैं. टीम को कई बार चैंपियन बनाने वाले ड्वेन ब्रावो अब कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ काम कर रहे हैं. उम्मीद है कि यह सभी दिग्गज इस रीयूनियन में फिर से एक साथ नजर आएंगे.

30 मार्च को राजस्थान से होगा चेन्नई का मैच

IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी. लेकिन इस बार चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच पहले दिन नहीं खेलेगी. टीम का पहला मुकाबला 30 मार्च को तय किया गया है. इस दिन उनका सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा. यह मैच गुवाहाटी में खेला जाएगा. गुवाहाटी को राजस्थान की टीम का होम ग्राउंड माना जाता है. सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि नए सीजन में चेन्नई कैसा प्रदर्शन करती है.

ये भी पढ़ें-

रियान पराग ही क्यों बने राजस्थान के कप्तान? कोच संगकारा ने बताई इसके पीछे की वजह

Video: भुवी की यॉर्कर पर चकमा खा गए विराट कोहली, नेट प्रैक्टिस में दिखा रोमांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >