SRH को लगा झटका, ब्रायडन कार्स हुए बाहर, इस श्रीलंकाई बॉलर की हुई एंट्री

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स हाथ की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को 75 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया है.

IPL 2026: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स हाथ की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने उनकी जगह श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को अपनी टीम में शामिल किया है. मदुशंका इस टी20 टूर्नामेंट के बचे हुए सभी मैचों के लिए टीम का अहम हिस्सा रहेंगे. हैदराबाद की टीम ने ब्रायडन कार्स को ऑक्शन में 1 करोड रुपये की रकम देकर खरीदा था. लेकिन चोटिल होने के कारण वह शुरुआत के पांच मैच नहीं खेल सके.

कैसे लगी ब्रायडन कार्स को चोट

ब्रायडन कार्स को टूर्नामेंट के पहले मैच से पूर्व अभ्यास के समय चोट लगी थी. टीम को अपना पहला मैच गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना था. उस मैच से पहले नेट्स में बल्लेबाजी करते वक्त गेंद उनके गेंदबाजी वाले हाथ पर लग गई. हैदराबाद के हेड कोच डेनियल विटोरी ने पहले बताया था कि हाथ में कोई हड्डी नहीं टूटी है. लेकिन वहां सूजन काफी ज्यादा आ गई थी. विटोरी को पूरी उम्मीद थी कि कार्स कोलकाता के खिलाफ होने वाले अगले मैच तक एकदम फिट हो जाएंगे. लेकिन ऐसा नहीं हो सका और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मंगलवार को उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की पक्की जानकारी दी.

दिलशान मदुशंका की टीम में एंट्री

सनराइजर्स हैदराबाद ने श्रीलंका के दिलशान मदुशंका को 75 लाख रुपये देकर अपनी टीम में लिया है. मदुशंका बाएं हाथ से मध्यम तेज गति की गेंदबाजी करते हैं. वह आईपीएल के माहौल के लिए नए प्लेयर नहीं हैं. वह इससे पहले भी मुंबई इंडियंस टीम के कैंप में रह चुके हैं. हालांकि उन्हें अब तक आईपीएल में अपना डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था.

मदुशंका का अबतक का करियर

अगर दिलशान मदुशंका के इंटरनेशनल करियर को देखें तो उनके पास अच्छा अनुभव मौजूद है. उन्होंने श्रीलंका की तरफ से अब तक 1 टेस्ट, 28 वनडे और 19 टी20 मुकाबले खेले हैं. इन इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने कुल 70 विकेट अपने नाम किए हैं. उनका यह अनुभव सनराइजर्स के गेंदबाजी आक्रमण को और अधिक मजबूत कर सकता है.

पॉइंट्स टेबल में सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति

सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन में अब तक कुल पांच मैच खेले हैं. इनमे से टीम को दो मैचों में शानदार जीत मिली है. सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराने के बाद टीम अभी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है. टीम के कप्तान पैट कमिंस भी फिलहाल अपनी चोट से रिकवर कर रहे हैं. उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद टीम ने अच्छा खेल दिखाया है. हैदराबाद का अगला मुकाबला 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के साथ होगा.

ये भी पढ़ें-

CSK vs KKR: कोलकाता ने जीता टॉस, चेन्नई की पहले बैटिंग, प्लेइंग 11 में बदलाव

क्या कोविड वैक्सीन से हुई शेन वॉर्न की मौत? बेटे जैक्सन ने किया चौंकाने वाला खुलासा

चोट से खत्म होने वाला था करियर, मैक्ग्रा के एक फैसले ने प्रफुल्ल हिंगे को बनाया IPL का नया स्टार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >