GT के इस गेंदबाज ने चौंकाया, IPL 2026 में फेंकी सबसे तेज गेंद, स्पीड देखकर सब हैरान

Ashok Sharma RR vs GT: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के युवा गेंदबाज अशोक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 154.2 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी है. जयपुर के एक किसान परिवार से आने वाले अशोक को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए उनके बड़े भाई ने अपना क्रिकेट छोड़ दिया था.

Ashok Sharma RR vs GT: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में गुजरात टाइटंस (GT) के 23 साल के अशोक शर्मा (Ashok Sharma) ने सबसे तेज गति की गेंद फेंककर नया रिकॉर्ड बना दिया है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच में दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 154.2 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गेंद डाली. इस सीजन उनके अलावा सिर्फ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के एनरिक नॉर्खिया ने ही 150 से ज्यादा की गति से गेंद फेंकी है. नॉर्खिया ने 150.9 किलोमीटर प्रति घंटे की गति निकाली थी. अशोक शर्मा की इस तेज रफ्तार ने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

ध्रुव जुरेल को डाली 154.2 की यॉर्कर

अशोक शर्मा ने गति का यह कमाल राजस्थान की पारी के 16वें ओवर में किया. अपने ओवर की अंतिम गेंद उन्होंने 154.2 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से फेंकी. यह गेंद बिल्कुल सटीक यॉर्कर थी. क्रीज पर मौजूद बल्लेबाज ध्रुव जुरेल इसे ठीक से समझ नहीं पाए और गेंद उनके पैड पर जा लगी. इस मैच में अशोक ने काफी आक्रामक गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर शिमरोन हेटमायर का अहम विकेट लिया. बल्लेबाजी के लिए आसान पिच पर वह गुजरात की टीम के सबसे कम रन देने वाले गेंदबाज साबित हुए.

भाई ने सपना पूरा करने के लिए खेल त्यागा

17 जून 2002 को जन्मे अशोक जयपुर के पास स्थित रामपुरा गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता नाथूलाल एक किसान हैं और माता घर संभालती हैं. मां का सपना था कि बेटा सरकारी नौकरी करे. अशोक के एक अन्य भाई अक्षय भी क्रिकेट खेलते थे. पिता नहीं चाहते थे कि दोनों बेटे खेल में अपना समय दें. वह अशोक की पढ़ाई पर ध्यान देना चाहते थे. लेकिन अक्षय ने अशोक की प्रतिभा को पहचान लिया था. अपने छोटे भाई का क्रिकेट खेलने का सपना पूरा करने के लिए अक्षय ने हमेशा के लिए अपना खेल त्याग दिया.

मुश्ताक अली ट्रॉफी के सबसे सफल गेंदबाज

अशोक शर्मा घरेलू क्रिकेट में राजस्थान की तरफ से खेलते हैं. 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से उनका टी20 डेब्यू हुआ था. उस टूर्नामेंट में अपनी तेज स्विंग गेंदबाजी से उन्होंने सबको हैरान कर दिया. वह उस सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज थे. राजस्थान के लिए खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में 22 विकेट लिए. उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 16 रन देकर 4 विकेट लेना था. अपने करियर के 11 टी20 मैचों में वह 23 विकेट ले चुके हैं. इसी शानदार खेल ने उन्हें आईपीएल का टिकट दिलाया.

कोलकाता और राजस्थान ने खरीदा पर मौका नहीं दिया

गुजरात टाइटंस ने इस बार नीलामी में अशोक शर्मा को 90 लाख रुपये की कीमत देकर टीम में शामिल किया है. इससे पहले भी वह आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं. साल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा था. इसके बाद 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपनी टीम में लिया. लेकिन दोनों ही टीमों ने उन्हें एक भी मैच खेलने का अवसर नहीं दिया. अब गुजरात की टीम से मौका मिलते ही अशोक ने अपनी असली ताकत पूरी दुनिया को दिखा दी है.

ये भी पढ़ें-

IPL 2026: डेनियल विटोरी ने बताया SRH के लिए क्यों जरूरी हैं नीतीश कुमार रेड्डी

रोहित शर्मा की खुशी पल भर में हुई गायब, कुछ ही मिनटों में समीर रिजवी ने छीन ली ऑरेंज कैप

GT vs RR: राजस्थान के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे शुभमन गिल? राशिद ने खोला राज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >