मिल गया सबूत, हाथ मिलाने के लिए रुके थे उस्मान और शाहीन, दो बार पलट के देखा भी

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में पाक टीम की हुई बेइज्जती. टीम इंडिया ने जीत के बाद भी नहीं मिलाया हाथ. मैदान पर खड़े होकर देखते रहे शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक लेकिन आगे नहीं बढ़ा कोई भी खिलाड़ी.

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को सिर्फ खेल में ही नहीं, बल्कि तेवर में भी धूल चटा दी. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी. लेकिन मैच के रिजल्ट से ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि कैसे भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया. जीत के बाद खेल भावना के तहत हाथ मिलाने की जो परंपरा होती है, उसे भारतीय टीम ने इस बार भी नहीं निभाया. मैच हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर खड़े इंतजार करते रहे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उनकी तरफ देखा तक नहीं.

मैदान पर हुआ असली ड्रामा

मैच खत्म होते ही मैदान का नजारा देखने लायक था. जैसे ही पाकिस्तान का आखिरी विकेट गिरा, भारतीय खिलाड़ी जीत का जश्न मनाने लगे. दूसरी तरफ पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी और उस्मान तारिक मैदान पर खड़े होकर काफी देर तक इंतजार करते रहे. मैदान से बाहर जाते वक्त दोनों ही खिलाड़ियों ने दो बार पीछे रुक कर भी देखा. उन्हें लगा कि मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ी आएंगे और हाथ मिलाएंगे. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. 

टीम इंडिया के खिलाड़ी आपस में ही गले मिले, खुशियां मनाई और सीधे अपने डगआउट की ओर बढ़ गए. पाकिस्तानी खिलाड़ी बस देखते रह गए. यह बेरुखी सिर्फ अंत में नहीं, बल्कि शुरुआत में भी दिखी थी. टॉस के वक्त भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से न तो हाथ मिलाया और न ही कोई बातचीत की.

ईशान किशन चमके, पाकिस्तान ढेर

अगर मैच के आंकड़ों की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो उन पर ही भारी पड़ गया. टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान के सामने 176 रन का मजबूत लक्ष्य रखा. भारत की तरफ से ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की और 77 रन की पारी खेली. भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए.

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और महज 114 रन पर सिमट गई. भारत ने यह मुकाबला 61 रन से जीतकर सुपर 8 के लिए जगह पक्की कर ली.

पहलगाम हमले का सीधा जवाब

भारतीय टीम के इस सख्त रवैये के पीछे एक बड़ी वजह है. दरअसल, भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से देश में काफी गुस्सा है. टीम इंडिया ने क्रिकेट के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया है. इसी वजह से टीम ने फैसला किया है कि पाकिस्तान के साथ मैच तो खेला जाएगा, लेकिन हाथ मिलाने की परंपरा को खत्म कर दिया गया है. यह उसी गुस्से का नतीजा है कि भारतीय खिलाड़ियों ने खेल खत्म होने के बाद औपचारिकता निभाने से साफ इनकार कर दिया. भारत ने साफ कर दिया है कि आतंक और खेल साथ-साथ नहीं चल सकते.

एशिया कप से जारी है यह सिलसिला

यह पहली बार नहीं है जब टीम इंडिया ने पाकिस्तान को इस तरह से इग्नोर किया है. इससे पहले एशिया कप 2025 के दौरान भी दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले खेले गए थे. उन तीनों मैचों में भी भारत ने पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाया था. अब T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी वही कहानी दोहराई गई है. भारत ने अपनी जीत के साथ-साथ पाकिस्तान को यह कड़ा संदेश भी दे दिया है कि जब तक सीमा पार से हरकतें नहीं सुधरेंगी, मैदान पर कोई भाईचारा या दोस्ती नहीं दिखाई जाएगी. टीम इंडिया ने जीत हासिल करके पाकिस्तान को उनकी असली औकात दिखा दी है.

ये भी पढ़ें-

अजमतुल्लाह के ऑलराउंड प्रदर्शन से जीता अफगानिस्तान, सुपर-8 की उम्मीदें कायम

पाकिस्तान की हुई गजब बेइज्जती, आकाश चोपड़ा के पोस्ट कर पड़ोसियों को लताड़ा

IND vs PAK: रोहित शर्मा और वसीम अकरम गले मिले, नो हैंडशेक विवाद को लेकर छिड़ी बहस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >