IND vs BAN Test: केएल राहुल की कप्तानी और प्लेइंग इलेवन के चयन में अटपटे फैसलों पर उठे सवाल

टीम इंडिया ने साल 2022 को एक बेहतरीन जीत के साथ खत्म किया है. भारत ने बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हरा दिया है. इस जीत से टीम के हौसले तो बुलंद होंगे, लेकिन बांग्लादेश जैसी टीम के आगे भारत का शीर्ष क्रम जिस प्रकार लड़खड़ाया, वह चिंता का विषय है. सोशल मीडिया पर केएल राहुल की आलोचना हो रही है.

बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारत की बल्लेबाजी में वह आक्रामकता नजर नहीं आई जिसका कप्तान के एल राहुल ने वादा किया था और चयन को लेकर अटपटे फैसलों पर भी सवाल उठने लाजमी हैं. भारतीय गेंदबाजों ने तो दोनों टेस्ट में 40 विकेट लिये लेकिन विरोधी टीम को आखिर तक खेलने का मौका देने से टीम दूसरा टेस्ट गंवाने की कगार पर पहुंच गई थी जो बमुश्किल चार विकेट से जीता.

चौथे दिन पिच चुनौतीपूर्ण थी लेकिन 145 रन बनाना उतना भी मुश्किल नहीं होना चाहिये था. भारत ने ऐसी पिच पर अत्यधिक रक्षात्मक खेल दिखाने की गलती की. इससे बांग्लादेश के स्पिनरों को हावी होने का मौका मिल गया. श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने उपयोगी साझेदारी करके भारत को हार से बचाया लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू श्रृंखला से पहले शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के औसत प्रदर्शन और चयन में भारी चूक को लेकर प्रश्न उठ रहे हैं.

भारत को इंग्लैंड की तरह अति आक्रामक खेलने की जरूरत नहीं है लेकिन 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कुछ आक्रामकता तो दिखानी चाहिये थी. कप्तान राहुल खुद सहज नहीं दिखे और दोनों पारियों में फ्रंटफुट पर खेलते हुए विकेट गंवा बैठे. अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में होने वाले पहले टेस्ट में टीम में उनकी जगह पक्की नहीं लगती. शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा बाहर निकलकर खेलने के प्रयास में चकमा खा गए. मौजूदा पीढी के बल्लेबाज स्पिन को बखूबी नहीं खेल पा रहे हैं और उनकी इस कमजोरी की कलई फिर खुल गई.

Also Read: MS Dhoni की विरासत को KL Rahul ने बढ़ाया आगे, जीत की ट्रॉफी अपकैप्ड सौरभ कुमार के हाथों में थमा दी

विराट कोहली महान बल्लेबाज हैं लेकिन 22 गेंद में एक रन की पारी को वह खुद भूल जाना चाहेंगे. भारत ने पहले टेस्ट में आठ विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे कुलदीप यादव को भी बाहर रखने की गलती थी. टर्निंग पिच पर तीसरे स्पिनर के रहने से भारत तीसरे दिन ही जीत सकता था. हालांकि जीत के बाद राहुल के हौसले बुलंद थे और उन्होंने कहा कि कुलदीप यादव को बाहर रखकर कोई गलती नहीं की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >