गंभीर ने सूर्या की पारी को बताया 'मास्टरक्लास', डिफेंडिंग चैंपियन का टी20 वर्ल्ड कप में जीत से आगाज

Gautam Gambhir Praise SKY: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए T20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में भारत ने अमेरिका को हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की नाबाद 'मास्टरक्लास' पारी ने टीम को संकट से निकाला. वहीं मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी ने अमेरिका को 132 रनों पर रोक दिया.

Gautam Gambhir Praise SKY: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में अपने खिताब को बचाने उतरी टीम इंडिया ने जीत के साथ आगाज किया है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हरा दिया. जीत के हीरो रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav), जिन्होंने संकट के समय में एक कप्तानी पारी खेली. उनकी इस बैटिंग को देखकर हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) भी खुद को रोक नहीं पाए और उनकी जमकर तारीफ की. अमेरिका ने भले ही यह मैच गंवा दिया, लेकिन उन्होंने भारतीय सितारों को नाकों चने चबवा दिए.

सूर्या की ‘मास्टरक्लास’ पारी ने दिलाई जीत

इस मैच में सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी का अलग ही रूप देखने को मिला. जब टीम मुश्किल में थी, तब सूर्या ने 49 गेंदों पर 84 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 4 शानदार छक्के लगाए. कोच गौतम गंभीर ने बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो में सूर्या की तारीफ करते हुए इसे ‘मास्टरक्लास’ बताया. गंभीर ने कहा कि दबाव के समय में ऐसी पारी खेलना वाकई अविश्वसनीय है.

अमेरिका के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को छकाया

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए. सूर्या के अलावा ईशान किशन ने 20 और तिलक वर्मा ने 25 रनों का योगदान दिया. अमेरिका की तरफ से शैडली वैन शल्कविक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं हरमीत सिंह को 2 विकेट मिले. एक समय भारतीय टीम बड़े स्कोर के लिए संघर्ष करती दिख रही थी, लेकिन सूर्या ने एक छोर संभाले रखा.

कप्तान सूर्या ने टीम को दी कड़ी चेतावनी

मैच जीतने के बाद कप्तान सूर्या खुश तो थे, लेकिन उन्होंने टीम को सतर्क भी किया. सूर्या ने कहा कि यह मैच हमारे लिए एक ‘आई-ओपनर’ यानी आंखें खोलने वाला रहा. उन्होंने माना कि विकेट थोड़ा मुश्किल था, लेकिन हमें और बेहतर तरीके से खेलना चाहिए था. सूर्या ने साफ कहा कि हम अपनी गलतियों को नजरअंदाज नहीं कर सकते और आगे के मैचों में हमें और बेहतर तालमेल दिखाना होगा.

अमेरिका के बल्लेबाजों ने दिखाया दम

162 रनों का पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम ने हार नहीं मानी. मिलिंद कुमार ने 34, संजय कृष्णमूर्ति ने 37 और शुभम रंजने ने 22 गेंदों पर धुआंधार 37 रन बनाकर भारतीय खेमे में हलचल मचा दी थी. अमेरिका की टीम ने पूरे 20 ओवर खेले और 8 विकेट खोकर 132 रन बनाए. भले ही वे लक्ष्य से दूर रह गए, लेकिन उनकी जुझारू बल्लेबाजी ने सबका दिल जीत लिया.

सिराज और अर्शदीप की घातक गेंदबाजी

भारत की ओर से मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 29 रन देकर 3 विकेट लिए. स्पिनर अक्षर पटेल ने भी 24 रन देकर 2 जरूरी विकेट निकाले, जबकि अर्शदीप सिंह के खाते में 2 सफलताएं आईं. अंत के ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने सटीक यॉर्कर और स्लोअर बॉल्स का इस्तेमाल कर अमेरिकी बल्लेबाजों को बांधे रखा, जिससे भारत को 29 रनों की जीत मिली.

ये भी पढ़ें-

टिम सीफर्ट की फिफ्टी, न्यूजीलैंड का जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में आगाज, अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया

वीडियो: चेपॉक में टला बड़ा खतरा, कैच के चक्कर में आपस में भिड़ गए दो कीवी खिलाड़ी

गुलबदीन की फिफ्टी, अफगानिस्तान ने बनाए 182 रन, फर्ग्यूसन को दो विकेट मिले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >