Ashes 2025: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा, कमिंस-लायन बाहर, इस खिलाड़ी की वापसी

Ashes 2025: मेलबर्न में खेले जाने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है. पैट कमिंस को आराम दिया गया है, जबकि नाथन लायन चोट के कारण बाहर हैं. उनकी जगह झाय रिचर्डसन और टॉड मर्फी को मौका मिला है. एशेज का यह चौथा टेस्ट 26 दिसंबर से खेला जाएगा.

Ashes 2025: मेलबर्न में होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़े और अहम बदलाव किए गए हैं. एशेज सीरीज (Ashes Series) के चौथे टेस्ट के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें नियमित कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) और अनुभवी स्पिनर नाथन लायन (Nathan Lyon) बाहर हैं. उनकी जगह तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन (Jhye Richardson) और ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी (Todd Murphy) को मौका दिया गया है. यह मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण हुए इन बदलावों से टीम संतुलन और प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. खास बात यह है कि टॉड मर्फी के पास घरेलू मैदान पर टेस्ट खेलने का सुनहरा मौका होगा, जबकि रिचर्डसन करीब चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं.

नाथन लायन की चोट बनी बड़ा कारण

तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन नाथन लायन बाउंड्री बचाने की कोशिश में चोटिल हो गए थे. उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट आई, जिसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की कि उन्हें सर्जरी करानी होगी. इस वजह से लायन लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. लायन के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने मैट कुहनेमैन और कोरी रोचिकिओली के बजाय टॉड मर्फी पर भरोसा जताया. लायन की गैरमौजूदगी ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है क्योंकि वह टीम के सबसे अनुभवी स्पिनर हैं.

टॉड मर्फी के लिए खास मौका

25 साल के टॉड मर्फी के लिए यह बॉक्सिंग डे टेस्ट बेहद खास हो सकता है. अगर उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिलती है तो यह उनका पहला घरेलू टेस्ट होगा. मर्फी अब तक सात टेस्ट खेल चुके हैं और सभी मैच विदेशी दौरों पर खेले हैं. इन टेस्ट मैचों में उन्होंने 28 की औसत से 22 विकेट लिए हैं. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसमें तीन विकेट शामिल रहे. इसी प्रदर्शन के दम पर उनकी टेस्ट टीम में वापसी हुई है.

बिना स्पेशलिस्ट स्पिनर के उतरने की संभावना

ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज के पहले टेस्ट में किसी भी स्पेशलिस्ट स्पिनर को नहीं खिलाया था. अब लायन के बाहर होने के बाद भी टीम इसी रणनीति पर चल सकती है. हालांकि टॉड मर्फी टीम में शामिल हैं, लेकिन अंतिम एकादश में उनका खेलना तय नहीं है. टीम के पास ब्यू वेब्स्टर और ट्रैविस हेड जैसे खिलाड़ी हैं, जो पार्ट टाइम ऑफ स्पिन का विकल्प दे सकते हैं. मेलबर्न की पिच को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अंतिम फैसला मैच से पहले ले सकता है.

पैट कमिंस को दिया गया आराम

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस बॉक्सिंग डे टेस्ट में नहीं खेलेंगे. पीठ की चोट से वापसी के बाद उन्होंने एडिलेड टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट लिए थे. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत उन्हें आराम देने का फैसला किया है. उनकी गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ एक बार फिर टीम की कप्तानी करेंगे. स्मिथ इससे पहले भी इस सीरीज में कप्तानी कर चुके हैं और उन्हें नेतृत्व का अच्छा अनुभव है.

झाय रिचर्डसन की 4 साल बाद वापसी

झाय रिचर्डसन की टीम में एंट्री का मतलब है कि वह चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं. 29 साल के इस तेज गेंदबाज ने अपना आखिरी टेस्ट 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था. अब तक उन्होंने तीन टेस्ट खेले हैं, जिसमें 11 विकेट उनके नाम हैं. हाल ही में कंधे की सर्जरी से उबरने के बाद उन्होंने अपना वर्कलोड बढ़ाया है. इंग्लैंड लायंस के खिलाफ मैच में पांच विकेट लेकर उन्होंने अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित की है.

बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम:- स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डॉगेट कैमरून ग्रीन, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, झाय रिचर्ड्सन, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरॉल्ड, ब्यू वेब्स्टर.

ये भी पढ़ें-

ICC इसके लिए पैसे क्यों नहीं देती? DRS विवाद पर मिचेल स्टार्क ने उठाए सवाल

Ashes 2025: ऑस्ट्रेलिया की अजेय बढ़त, एडिलेड में इंग्लैंड को मिली 82 रन से मात

Ashes 2025: एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को झटका, नहीं खेल रहे स्टीव स्मिथ, वजह जान हैरान रह जाएंगे आप!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >