IPL : दिल्ली को फिर शिकस्त देने उतरेगी मुंबई इंडियंस की टीम
मुंबई : लगातार पांच जीत के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियंस आज आइपीएल के मैच में दिल्ली डेयर डेविल्स से खेलेगी तो उसका इरादा जीत की लय कायम रखने का होगा. रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब को आठ विकेट से हराया […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
मुंबई : लगातार पांच जीत के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियंस आज आइपीएल के मैच में दिल्ली डेयर डेविल्स से खेलेगी तो उसका इरादा जीत की लय कायम रखने का होगा. रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब को आठ विकेट से हराया जिसमें जोस बटलर के 37 गेंद में 77 रन शामिल थे.
आरेंज कैपधारी नीतिश राणा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है जो अभी तक इस सत्र में 255 रन बना चुके हैं. उन्होंने पंजाब के खिलाफ नाबाद 62 रन बनाये थे. रोहित के अलावा राणा, हार्दिक और कृणाल पंड्या , विकेटकीपर पार्थिव पटेल और बटलर भी फार्म में हैं.
मुंबई को लक्ष्य का पीछा करना ज्यादा पसंद है जिसने गुजरात लायंस, पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ बाद में बल्लेबाजी करते हुए जीत दर्ज की. मेजबान टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि वह एक बल्लेबाज पर निर्भर नहीं रही बल्कि सभी ने रन बनाये हैं. गुजरात लायंस के खिलाफ मुंबई के गेंदबाजों ने काफी रन दिये जो टीम प्रबंधन की चिंता का सबब होगा. टीम में लसिथ मलिंगा, आफ स्पिनर हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमरा जैसे गेंदबाज हैं जो विरोधी टीम पर दबाव बनाने में सक्षम हैं. मलिंगा की जगह न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी को उतारा जा सकता है.
दिल्ली के लिए संजू सैमसन और रिषभ पंत ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उसे सैम बिलिंग्स और करुण नायर से अभी अच्छी पारियों का इंतजार है. पिछले मैच में बिलिंग्स की विफलता चिंता का सबब है. उन्हें संजू सैमसन के साथ मिलकर दिल्ली को अच्छी शुरुआत देनी होगी खासकर बल्लेबाजों की मददगार वानखेडे स्टेडियम की पिच पर.
मुंबई के श्रेयस अय्यर से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो यहां के हालात से बखूबी वाकिफ हैं. यह देखना होगा कि खराब फार्म से जूझ रहे श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज को उतारा जाता है या नहीं. दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मौरिस, कप्तान जहीर खान और आस्ट्रेलिया के पैट कमिंस तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे.