स्टीव स्मिथ को क्यों नहीं खिलाया? सेलेक्टर्स की सफाई से दिग्गज भड़के; बोले- स्टार बल्लेबाज की बेइज्जती है

Steve Smith: T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक विदाई ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हारकर बाहर हुई कंगारू टीम में स्टीव स्मिथ को मौका न देने पर बवाल मचा है. मार्क वॉ और हेडन जैसे दिग्गजों ने सेलेक्टर्स की क्लास लगाई है. जानिए क्यों स्मिथ को केवल बेंच पर बिठाया गया और क्या रही हार की असली वजह.

Steve Smith: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में इस वक्त भूचाल आया हुआ है. 2009 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि कंगारू टीम T20 वर्ल्ड कप के पहले दौर से ही बाहर हो गई. जिम्बाब्वे (रैंकिंग 11) जैसी टीम से हारने और फिर श्रीलंका से पिटने के बाद ऑस्ट्रेलिया का बोरिया-बिस्तरा गोल हो गया. इस शर्मनाक हार के बाद अब टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स के बीच ब्लेम-गेम शुरू हो गया है.

स्टीव स्मिथ को सिर्फ ‘एक्स्ट्रा’ खिलाड़ी बनाकर रखा

पूरे विवाद की जड़ दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ हैं. सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट के गलियारों तक लोग पूछ रहे हैं कि स्मिथ को टीम में लिया तो खिलाया क्यों नहीं? इस पर ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर टोनी डोडेमाइड ने सफाई देते हुए कहा कि स्मिथ को केवल ‘कवर’ (बैकअप) के तौर पर टीम में रखा गया था.

डोडेमाइड के मुताबिक:

  • स्मिथ को ओपनिंग स्लॉट के बैकअप के तौर पर शामिल किया गया था.
  • पहले मिचेल मार्श की चोट की वजह से उन्हें बुलाया गया, फिर जोश हेजलवुड के चोटिल होने पर उन्हें पक्का रिप्लेसमेंट बनाया गया.
  • लेकिन जब मार्श और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने श्रीलंका के खिलाफ अच्छा परफॉर्म किया, तो स्मिथ की जगह ही नहीं बनी.

दिग्गजों ने लगाई क्लास- यह स्मिथ की बेइज्जती है

सेलेक्टर्स की इस दलील को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने सिरे से खारिज कर दिया है.

मार्क वॉ (Mark Waugh): उन्होंने ‘SENQ ब्रेकफास्ट’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि स्मिथ जैसे वर्ल्ड क्लास प्लेयर को बाहर बैठाना उनकी बेइज्जती है. उन्होंने इसे अब तक का सबसे खराब सिलेक्शन बताया.

मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden): हेडन ने ‘BBC टेस्ट मैच स्पेशल’ में कैमरन ग्रीन को खिलाने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ग्रीन का आत्मविश्वास जीरो है, जबकि मैट रेनशॉ जैसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को ड्रॉप करना गलत था.

ग्लेन मैक्ग्रा (Glenn McGrath): मैक्ग्रा ने ‘संडे मॉर्निंग हेराल्ड’ से कहा कि अगर कैमरन ग्रीन बॉलिंग नहीं कर रहे हैं, तो वह किसी भी हाल में स्टीव स्मिथ से बेहतर बल्लेबाज नहीं हो सकते.

BBL में मचाया था गदर

हैरानी की बात यह है कि स्टीव स्मिथ ने हाल ही में Big Bash League (2025/26) में आग लगा दी थी. उन्होंने लगभग 60 की औसत और 168 के स्ट्राइक रेट से 299 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और दो फिफ्टी शामिल थी. शानदार फॉर्म के बावजूद उन्हें प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला.

अब आगे क्या?

ऑस्ट्रेलिया का आखिरी मैच ओमान के खिलाफ है, जो अब महज एक औपचारिकता है. सेलेक्टर टोनी डोडेमाइड ने माना है कि यह कैंपेन बहुत निराशाजनक रहा. उन्होंने कहा कि टीम के स्वदेश लौटने पर इस हार का पूरा पोस्टमॉर्टम (रिव्यू) किया जाएगा. फिलहाल, ऑस्ट्रेलिया की पेस बॉलिंग भी कमजोर दिख रही है क्योंकि कमिंस, हेजलवुड और स्टार्क जैसे स्टार गेंदबाज या तो चोटिल हैं या रिटायर हो चुके हैं.

ये भी पढ़ें: Super 8 की सभी 8 टीमें, किससे और कब होगी भारत की सीधी टक्कर, यहां देखें पूरा शेड्यूल

ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने ‘डक हैट्रिक’ का बनाया रिकॉर्ड, टी20 वर्ल्ड कप में बल्ला खामोश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >