सचिन तेंदुलकर ने सिंधु, साक्षी, दीपा और गोपीचंद को भेंट की BMW कार

हैदराबाद : रियो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पीवी सिंधु और साक्षी मलिक की तारीफों के पुल बांधते हुए महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आज कहा कि यह इन दोनों के शानदार सफर की शुरुआत है. रियो ओलंपिक में भारतीय टीम के सद्भावना दूत रहे तेंदुलकर ने यहां एक कार्यक्रम में रियो ओलंपिक की […]

हैदराबाद : रियो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पीवी सिंधु और साक्षी मलिक की तारीफों के पुल बांधते हुए महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आज कहा कि यह इन दोनों के शानदार सफर की शुरुआत है. रियो ओलंपिक में भारतीय टीम के सद्भावना दूत रहे तेंदुलकर ने यहां एक कार्यक्रम में रियो ओलंपिक की रजत पदकधारी शटलर सिंधु, कांस्य पदकधारी साक्षी के साथ जिमनास्ट दीपा करमाकर और बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को बीएमडब्ल्यू कारें भेंट की.

तेंदुलकर ने कहा, ‘‘यह भारतीय खेलों के लिये बेहतरीन क्षण है. यात्रा यहां से शुरू हुई है, मुझे पूरा भरोसा है कि यह यात्रा यहां नहीं रुकेगी, हम सभी इस यात्रा में जुड़ेंगे और आपका समर्थन करेंगे. आप हमें लगातार जश्न करने के कई मौके प्रदान करते रहिये. ” उन्होंने कहा, ‘‘इस समय पूरा देश खुश है और लोग खुशी से झूम रहे हैं, अभी और बड़ी चीजें आनी बाकी हैं. ”

उन्होंने कहा, ‘‘गोपीचंद आप एक शानदार आदर्श रहे हो, आप अब इससे भी बड़े हो गये हो. हम सभी आपके मुरीद हो गये हैं. आप सच्चे नायक हो. हमें और पदक लाने के लिये आपके मार्गदर्शन की जरुरत है. मैं अन्य कोचों का भी शुक्रिया अदा करता हूं. ”

तेंदुलकर ने कहा, ‘‘पूरे देश की तरफ से मैं कह सकता हूं कि मेरे साथ खड़े इन सभी खिलाडियों ने हमारे देश को गौरवान्वित किया है. मैं खिलाडियों का समर्थन करने और उनके लिये प्रार्थना करने के लिये हर किसी का शुक्रिया अदा करता हूं. एक एथलीट यही चाहता है. ” उन्होंने कहा, ‘‘तुमने खेलों की तैयारियों में काफी चीजों का बलिदान किया है, आपको कुछ चीजें खाने की अनुमति नहीं दी जाती थी, फोन बंद कर दिये जाते थे ताकि तुम ध्यान लगा सको. मैं जानता हूं, रियो के दौरान मैंने इस तरह की चीजें देखी थी. ”

तेंदुलकर ने साक्षी और सिंधु द्वारा जीते गये पदक का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमें तुम पर गर्व है. हम तुम सभी के लिये प्रार्थना कर रहे हैं. हम इस चीज में तुम सभी का समर्थन करते हैं, कि तुमने कहा कि तुम इन कांस्य और रजत पदकों को स्वर्ण पदक (अगले तोक्यो ओलंपिक खेलों में) में तब्दील करना चाहते हो. ”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >