कोलकाता : आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का मानना है कि मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स का नया खिलाड़ी के सी करियप्पा अलग तरह का गेंदबाज है और आईपीएल आठ के दौरान विरोधी टीमों के लिये उसका तोड ढूंढना मुश्किल होगा.
यादव ने अपने आधार मूल्य से 24 गुणा अधिक कीमत चार लाख डालर में खरीदे गये कर्नाटक के इस युवा खिलाड़ी के बारे में कहा, मैंने उसे केपीएल (कर्नाटक लीग) में देखा और उसके साथ नेट्स पर खेला हूं. वह अलग तरह का गेंदबाज है और विरोधी टीमों के लिये उसे खेलना आसान नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि करियप्पा और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के पास बहुत बड़ा मौका होगा. उन्होंने कहा, यह उसके (करियप्पा) और कुलदीप यादव के लिये बहुत बड़ा मौका होगा. कुलदीप तो चैंपियन्स लीग में भी खेल चुका है. केकेआर आईपीएल आठ में अपना पहला मैच आठ अप्रैल को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ खेलेगा.
