महेंद्र सिंह धौनी ने महामुकाबले से पहले पूछे गये सवालों के व्यंग्यात्मक जवाब दिये

एडिलेड : विश्व कप हो या फिर द्विपक्षीय श्रृंखला भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अपनी प्रेस कांफ्रेंस में आम तौर पर सवालों का एक जैसा जवाब ही देते हैं और एडिलेड ओवल में भारतीय मीडिया दल के साथ बातचीत के दौरान भी इससे कुछ अलग नहीं दिखा. अंतर सिर्फ इतना था कि लगातार एक जैसे […]

एडिलेड : विश्व कप हो या फिर द्विपक्षीय श्रृंखला भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अपनी प्रेस कांफ्रेंस में आम तौर पर सवालों का एक जैसा जवाब ही देते हैं और एडिलेड ओवल में भारतीय मीडिया दल के साथ बातचीत के दौरान भी इससे कुछ अलग नहीं दिखा.

अंतर सिर्फ इतना था कि लगातार एक जैसे सवालों के धौनी ने कुछ व्यंग्यात्मक जवाब दिये. अधिकांश सवाल इससे संबंधित थे कि क्या भारत विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकार्ड को 6-0 कर पायेगा या नहीं और धौनी के पास इन सवालों को अलग तरीके से जवाब देने के अलावा कोई चारा नहीं था.

पत्रकारों को तीन बार यह जवाब देने के बाद कि वह आंकड़ों और इतिहास की परवाह नहीं करते, धौनी ने जब यह पूछा गया कि 5-0 के आंकडे का क्या महत्व है तो उन्होंने हंसते हुए कहा, नहीं, सिर्फ यह मायने रखता है कि आपको इसे लेकर काफी सारे सवाल पूछने हैं. ईमानदारी से कहूं तो इसके अलावा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्हांेने कहा, कारण यह है कि हम 20 साल या इससे भी अधिक समय की बात कर रहे हैं. प्रारुप बदल गया है. खिलाड़ी बदल गये हैं. खेल खेलने का तरीका पूरी तरह से बदल गया है. यह सिर्फ बात करने के लिए अच्छा है. इससे अधिक मुझे नहीं लगता कि इसका खेल पर कोई असर है.

टीम में चोट को लेकर किसी भी तरह की चिंता नहीं होने को लेकर विस्तृत जवाब देने के बावजूद धौनी से बार बार पूछा गया कि क्या कोई चोटिल है.

धौनी ने एक बार फिर हंसते हुए इसका जवाब देते हुए कहा, मुझे नहीं पता कि शाम को क्या होगा लेकिन फिलहाल सब फिट और उपलब्ध हैं. फिजियो ने मुझे यही बताया है कि चोट कोई मुद्दा नहीं है. धौनी ने अपना सर्वश्रेष्ठ जवाब शिखर धवन की खराब फार्म से जुड़े सवाल के लिए बचा रखा था.

उन्होंने कहा, अगर अब मैं प्रशंसकों की बातें सुनना कर दूं तो एक दिन कोई आकर सुझाव देगा कि कृपया करके धवन की जगह मोहम्मद शमी से पारी की शुरुआत कराओ और शमी की जगह गेंदबाजी के लिए किसी और को लाओ. उन्होंने कहा, प्रशंसक जो कुछ कहते हैं उन सभी चीजों को सुनने की जरूरत नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >