LA 2028 Olympics: यह वही मंच होगा जहां 128 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट एक बार फिर ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनेगा. क्रिकेट प्रतियोगिताएं दक्षिणी कैलिफोर्निया के पोमोना स्थित फेयरग्राउंड्स में आयोजित की जाएंगी. यहां एक आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जा रहा है, जिसे विशेष रूप से LA28 ओलंपिक को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी
क्रिकेट ने ओलंपिक में अब तक केवल एक बार, 1900 के पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लिया था. इसके बाद यह खेल ओलंपिक कार्यक्रम से बाहर हो गया. अब LA28 में क्रिकेट की वापसी वैश्विक स्तर पर इस खेल के लिए एक ऐतिहासिक अवसर मानी जा रही है.
टी20 प्रारूप में होगा मुकाबला
ओलंपिक में क्रिकेट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ियों का दल होगा. यह फॉर्मेट तेज, रोमांचक और दर्शकों के लिए अधिक आकर्षक माना जाता है.
ICC ने जताई खुशी
ICC ने आयोजन स्थल की प्रगति को क्रिकेट के लिए बड़ा मील का पत्थर बताया है. परिषद का मानना है कि ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से खेल को नए देशों और नए दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा तथा अमेरिका में भी क्रिकेट की लोकप्रियता को नई गति मिलेगी.
अमेरिका में क्रिकेट को मिलेगा बड़ा मंच
पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में क्रिकेट का तेजी से विस्तार हुआ है. मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की शुरुआत और नए स्टेडियमों के निर्माण के बाद अब ओलंपिक आयोजन से इस खेल को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है. पोमोना का यह मैदान भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन सकता है.
ऐतिहासिक आयोजन की ओर बढ़ते कदम
LA28 ओलंपिक के लिए स्टेडियम का काम जोर-शोर से चल रहा है. ICC द्वारा जारी नया वीडियो इसकी गवाही दे रहा है कि क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी के लिए सब कुछ समय पर हो रहा है. क्रिकेट फैंस के लिए यह वाकई एक ऐतिहासिक और बेहद रोमांचक पल होने वाला है.
लॉस एंजिल्स और वॉशिंगटन की भिड़ंत पर टिकी निगाहें
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है. टूर्नामेंट का अगला मुकाबला लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (Los Angeles Knight Riders) और वॉशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी. एक ओर वॉशिंगटन फ्रीडम जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी, जबकि दूसरी ओर लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स टूर्नामेंट में वापसी की उम्मीदों को जिंदा रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
इसे भी पढ़े- 190 रनों का स्कोर हुआ बेकार, बारिश की भेंट चढ़ा भारत-इंग्लैंड टी20 मुकाबला
