Commonwealth Games 2026 Live Streaming: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने जा रहा है. 2 अगस्त तक चलने वाले इस मल्टी स्पोर्ट्स में ओलंपिक और विश्व चैंपियन खिलाड़ियों समेत लगभग 3000 एथलीट हिस्सा लेंगे. भारतीय फैंस की नजरें नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन जैसे स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी. अगर आप कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का कोई भी मुकाबला मिस नहीं करना चाहते, तो यहां जानिए टूर्नामेंट से जुड़ी हर जरूरी जानकारी.
इस बार सिर्फ 10 खेलों में होंगे मुकाबले
कॉमनवेल्थ गेम्स के 23वें संस्करण में इस बार कुल 10 खेल शामिल किए गए हैं, जो बर्मिंघम 2022 की तुलना में नौ खेल कम हैं. इसके अलावा छह पैरा स्पोर्ट्स भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे. सभी मुकाबले ग्लासगो में चार प्रमुख खेल परिसरों में आयोजित किए जाएंगे.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के प्रमुख वेन्यू
| वेन्यू | खेल |
| स्कॉटस्टाउन स्टेडियम | एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स |
| SEC सेंटर | बॉक्सिंग, बाउल्स, पैरा बाउल्स, जूडो, 3x3 बास्केटबॉल और व्हीलचेयर 3x3 बास्केटबॉल |
| SEC आर्माडिलो | वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग |
| OVO हाइड्रो | नेटबॉल |
| टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर | स्विमिंग और पैरा स्विमिंग |
| सर क्रिस होय वेलोड्रोम और एरिना | ट्रैक साइकिलिंग, पैरा ट्रैक साइकिलिंग और आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स |
भारत में कहां देखें लाइव टेलीकास्ट?
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और डीडी नेशनल पर किया जाएगा.
भारत में कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी. मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक सभी प्रमुख मुकाबलों का लाइव आनंद ले सकेंगे. वहीं, भारत के मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार 1 बजे से होगा.
भारत की उम्मीदें इन सितारों पर
भारत ने पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में 61 पदक जीते थे. इस बार देश ने 125 सदस्यीय दल भेजा है. भारतीय एथलेटिक्स टीम सबसे बड़ा आकर्षण होगी, जिसकी अगुआई ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन नीरज चोपड़ा करेंगे. टीम में गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर और मुरली श्रीशंकर जैसे कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं.
लॉन बॉल्स से शुरू होगा भारत का अभियान
भारत का अभियान 24 जुलाई को लॉन बॉल्स से शुरू होगा. यह वही खेल है जिसमें भारत ने बर्मिंघम 2022 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था. भारतीय टीम इस बार भी उसी सफलता को दोहराने की कोशिश करेगी.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: 24 जुलाई से शुरू होगा भारत का अभियान, जानिए पहले दिन का पूरा शेड्यूल
