Ben Stokes Controversy : न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के नाइटक्लब विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट में भूचाल ला दिया है. इस घटना पर इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के डायरेक्टर रॉब की का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने साफ कहा है कि वह इस हरकत से बेहद गुस्से में हैं और टीम में अनुशासन लाने के लिए खिलाड़ियों पर पूरी तरह से शराब बैन करने पर विचार कर रहे हैं.
खबर सुनते ही उड़ गए थे होश
इस मामले पर पहली बार खुलकर बोलते हुए डायरेक्टर रॉब की ने अपना गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने कहा जब मुझे पहली बार इस घटना का पता चला, तो कुछ मिनटों के लिए तो मैं सुन्न हो गया था. मैं और हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम, दोनों इस हरकत से बेहद गुस्से में हैं. खिलाड़ियों को पहले ही रात 12 बजे तक वापस आने का नियम दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद यह घटना घटी. बोर्ड के मुताबिक, बाकी खिलाड़ी तो मैच जीतने के बाद पब गए थे और समय पर लौट आए, लेकिन स्टोक्स और एटकिंसन गलत समय पर गलत जगह (नाइटक्लब) मौजूद थे, जहां उनका किसी से झगड़ा हो गया.
क्या अब इंग्लैंड के खिलाड़ी कभी नहीं पी पाएंगे शराब
रॉब की ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में टीम के नियम और सख्त किए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि अब वो समय आ गया है जब यह सोचना होगा कि क्या मैच जीतने के बाद भी खिलाड़ियों पर पूरी तरह से शराब बैन लगा दी जाए. उन्होंने कहा, खिलाड़ियों को अब जनता को यह दिखाना होगा कि उन पर भरोसा किया जा सकता है, क्योंकि इस वक्त उन पर भरोसा करना बेहद मुश्किल है.
बेन स्टोक्स की कप्तानी पर लटकी तलवार
इस विवाद का सबसे बड़ा असर बेन स्टोक्स की कप्तानी पर पड़ सकता है. जब रॉब की से पूछा गया कि क्या स्टोक्स आगे इंग्लैंड के कप्तान बने रहेंगे, तो उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया. जांच चलने तक बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन दोनों को 17 जून से ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच की टीम से बाहर कर दिया गया है. स्टोक्स की गैरमौजूदगी में दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को टीम का अंतरिम कप्तान बनाया गया है. बोर्ड का मानना है कि जब भी इंग्लैंड क्रिकेट किसी मुसीबत में होता है, तो जो रूट ही टीम को संकट से बाहर निकालते हैं.
ये भी पढ़े : MLC 2026 : एमएलसी 2026: वाशिंगटन फ्रीडम फिर से खिताब की दौड़ में
