भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बेथेल ने रिकॉर्ड साझेदारी कर इतिहास रच दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़े, जो भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई.
इस जोड़ी ने 2018 में लीड्स में इयोन मॉर्गन और जो रूट द्वारा बनाई गई 186 रन की नाबाद साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके साथ ही डकेट और बेथेल लॉर्ड्स के मैदान पर पहले विकेट के लिए 150 से अधिक रन जोड़ने वाली पहली जोड़ी भी बन गए.
डकेट और बेथेल ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
इससे पहले लॉर्ड्स में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड ज्योफ्री बॉयकॉट और पीटर विली के नाम था, जिन्होंने 1980 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 135 रन जोड़े थे. इंग्लैंड के लिए यह 2010 के बाद लॉर्ड्स में पहली 100+ रन की ओपनिंग साझेदारी भी रही. तब एंड्रयू स्ट्रॉस और स्टीवन डेविस ने पाकिस्तान के खिलाफ 113 रन जोड़े थे.
बेन डकेट का शतक
बेन डकेट ने इस मुकाबले में 135 गेंदों का सामना करते हुए 141 रन की पारी खेली. यह उनका चौथा वनडे शतक रहा. इसके साथ ही लॉर्ड्स में वो टेस्ट और वनडे में शतक लगाने वाले दुनिया के छठे खिलाड़ी बन गए हैं. इस पारी के दौरान डकेट ने 15 चौके और 1 छक्के लगाए.
लॉर्ड्स में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी (ODI)
- 226 स्ट्रॉस – फ्लिंटॉफ बनाम वेस्टइंडीज 2004 (चौथा विकेट)
- 213 हिक – फेयरब्रदर बनाम वेस्टइंडीज 1991 (तीसरा विकेट)
- 202 गूच – गावर बनाम ऑस्ट्रेलिया 1985 (दूसरा विकेट)
- 192 डकेट – बेथेल बनाम भारत 2026 (पहला विकेट)
शतक से चूके जैकब बेथेल
जैकब बेथेल ने आक्रामक अंदाज में 93 गेंदों पर 91 रन की पारी खेली. इस दौरान बेथेल ने 11 चौके और 1 छ्क्के लगाए. बेथेल ने अपनी पारी में शानदार ड्राइव, पुल और लॉफ्टेड शॉट्स खेले और भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. बेथेल और डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 192 रनों की साझेदारी हुई.
ये भी पढ़ें: कोहली-गंभीर विवाद की खबरें निकली बेबुनियाद, लंदन में दिखी शानदार केमिस्ट्री
