बांग्लादेश से हार के बाद ऑस्ट्रेलिया का एक्शन, वेदराल्ड बाहर; इस खिलाड़ी की हुई एंट्री

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़ा फेरबदल किया गया है. सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को खराब प्रदर्शन के चलते टीम से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह अनुभवी मैथ्यू रेनशॉ को मौका दिया गया है, जो मैके में पहले भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं.

Jake Weatherald Out: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में नौ विकेट से हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया है. लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है. दो मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 0-1 से पीछे है और मैके में होने वाले दूसरे टेस्ट में उसके सामने सीरीज बचाने की चुनौती होगी.

लगातार फ्लॉप हुए वेदराल्ड

वेदराल्ड के लिए बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट अच्छा नहीं रहा. उन्होंने पहली पारी में 23 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद से भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. वेदराल्ड ने पिछले साल घरेलू एशेज के दौरान टेस्ट डेब्यू किया था. अब तक छह टेस्ट में उनके नाम 224 रन हैं और बल्लेबाजी औसत 20.36 का है. इस दौरान वह केवल एक अर्धशतक लगा सके हैं.

ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताया कि वेदराल्ड ने अपनी तकनीक में कुछ बदलाव किए थे. उनके स्टांस और मूवमेंट में बदलाव देखने को मिला, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसका असर कितना होगा, यह कम मैचों के आधार पर तय करना मुश्किल है.

रेनशॉ की हुई वापसी

वेदराल्ड की जगह मैथ्यू रेनशॉ को मौका मिला है. 30 वर्षीय रेनशॉ मैके में पहले भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और इस मैदान पर उनके नाम दो प्रथम श्रेणी शतक हैं. रेनशॉ ने अपना आखिरी टेस्ट तीन साल पहले भारत के खिलाफ खेला था. उन्होंने अब तक 14 टेस्ट की 24 पारियों में 645 रन बनाए हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं. घरेलू क्रिकेट में भी रेनशॉ अच्छी फॉर्म में रहे हैं. शेफील्ड शील्ड में उन्होंने 10 पारियों में करीब 50 की औसत से 499 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल है.

Also Read: आयुष शेट्टी ने विश्व चैंपियन चीन के शी यू ची को दी मात, पीवी सिंधु भी राउंड-32 में पहुंचीं

इंग्लिस भी कर सकते हैं ओपनिंग

ऑस्ट्रेलिया के पास ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए जोश इंग्लिस का विकल्प भी है. इंग्लिस आमतौर पर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन पिछले साल इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 40 और नाबाद 125 रन की पारियों के बाद उन्हें शीर्ष क्रम के लिए भी दावेदार माना गया था. अब नजर इस बात पर होगी कि ऑस्ट्रेलिया रेनशॉ को सीधे प्लेइंग इलेवन में उतारता है या इंग्लिस को हेड के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी मिलती है.

सीरीज में 0-1 से पीछे ऑस्ट्रेलिया

डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराया था. इस हार में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का प्रदर्शन सबसे बड़ी चिंता रहा. अब मैके में होने वाला दूसरा टेस्ट उसके लिए सीरीज बराबर करने का मौका होगा.

ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर.

Also Read: ऋषभ पंत ने तोड़ा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >