AUS vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ 9 जून से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है. स्टार खिलाड़ी ट्रैविस हेड निजी कारणों से और मिशेल मार्श चोट की वजह से इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में जोश इंग्लिस टीम की कप्तानी संभालेंगे. मिशेल स्टार्क और हेजलवुड जैसे दिग्गजों के बिना खेल रही इस युवा ऑस्ट्रेलियाई टीम में टॉड मर्फी, ओलिवर पीक और मैट शॉर्ट जैसे नए चेहरों को मौका दिया गया है.
हेड और मार्श क्यों नहीं खेल रहे?
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर टोनी डोडेमाइड ने इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने की वजह बताई है. ट्रैविस हेड को पहले वनडे और टी20 दोनों सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन उन्होंने निजी कारणों से छुट्टी मांगी है. इस वजह से वह पूरे दौरे से बाहर रहेंगे. मिशेल मार्श को टखने में चोट लगी थी, जिससे वह समय पर रिकवर नहीं हो पाए हैं. हालांकि, वह टी20 मैचों की तैयारी के लिए ढाका में टीम के साथ बाद में जुड़ जाएंगे.
हुए ये बड़े बदलाव
मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे सीनियर गेंदबाजों के न होने से ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही युवाओं पर निर्भर थी, अब इस टीम में कुछ और बदलाव किए गए हैं. केवल टेस्ट मैच खेलने वाले स्पिनर टॉड मर्फी को पहली बार वनडे टीम में मौका मिला है. उन्हें चोटिल लेग-स्पिनर तनवीर संघा की जगह शामिल किया गया है. संघा पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में चोटिल हो गए थे. पाकिस्तान के खिलाफ कम स्कोर वाली सीरीज में शानदार खेल दिखाने वाले 19 साल के ओलिवर पीक और मैट शॉर्ट को इस सीरीज के लिए भी टीम में बनाए रखा गया है. रिले मेरेडिथ और बिली स्टैनलेक की जगह बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट को पेस अटैक में शामिल किया गया है.
कप्तान जोश इंग्लिस ने क्या कहा
अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी पर कप्तान जोश इंग्लिस ने कहा नए लड़कों के लिए बांग्लादेश की स्पिन मददगार पिचों पर खेलना एक बहुत बड़ा अनुभव होने वाला है. मैंने युवा ओली पीक से भी कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए ऐसी पिचों पर खेलना सबसे कठिन काम है. हमारे खिलाड़ी अभी भी यहाँ की परिस्थितियों, स्पिन और रिवर्स स्विंग को समझने की कोशिश कर रहे हैं.
सभी मैच ढाका में होंगे
पहला वनडे: मंगलवार, 9 जून
दूसरा वनडे: गुरुवार, 11 जून
तीसरा वनडे: रविवार, 14 जून
बांग्लादेश दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की पूरी वनडे टीम
जोश इंग्लिस (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, बेन ड्वार्शियस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट और एडम ज़म्पा.
ये भी पढे:IND vs AFG: मानव सुथार की फिरकी में उलझा अफगानिस्तान, भारत ने दिया फॉलोऑन
