AUS vs BAN 1st Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. पहले टेस्ट के पहले ही बांग्लादेश की टीम पूरी तरह से हावी रही. बांग्लादेश के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में सिर्फ 198 रन पर समेट दिया. हसन महमूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टेस्ट करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया और 55 रन देकर छह विकेट झटके. जवाब में बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 96 रन बना लिए.
ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम ने बिना विकेट गंवाए 45 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद हसन महमूद ने लगातार शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने जेक वेदराल्ड को 23 और ट्रेविस हेड को 22 रन पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटका दिया.
इसके बाद हसन, तास्किन अहमद और इबादत हुसैन ने कसी हुई गेंदबाजी की. इबादत ने मार्नस लाबुशेन को सिर्फ एक रन पर आउट किया. लंच से पहले कैमरून ग्रीन भी पवेलियन लौट गए. लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 74 रन था.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मैच से पहले क्यों नहीं भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान?
स्मिथ ने खेली 71 रन की पारी
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ स्टीव स्मिथ ही बांग्लादेश के गेंदबाजों का सामना कर सके. उन्होंने 71 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था. हालांकि, नौवें विकेट के रूप में वह भी हसन महमूद का शिकार बन गए.
हसन ने कमिंस और स्टार्क को भी भेजा पवेलियन
हसन ने कप्तान पैट कमिंस को 9 और मिचेल स्टार्क को सिर्फ 1 रन पर आउट किया. इसके बाद उन्होंने स्मिथ और नाथन लियोन के विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पूरी पारी 53 ओवर में 198 रन पर खत्म कर दी. हसन के अलावा तास्किन और इबादत को दो-दो विकेट मिले.
बांग्लादेश ने भी गंवाया एक विकेट
198 रन के जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत भी पूरी तरह आसान नहीं रही. शादमान इस्लाम 20 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर आउट हुए. उस समय बांग्लादेश का स्कोर 36 रन था. इसके बाद मोमिनुल हक और तंजीद हसन ने मोर्चा संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 60 रन की साझेदारी की. स्टंप तक मोमिनुल 35 और तंजीद 32 रन बनाकर क्रीज पर थे. बांग्लादेश अब ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी में सिर्फ 102 रन पीछे है.
ऑस्ट्रेलिया के लिए शुरू हुआ लंबा टेस्ट अभियान
दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के अगले 12 महीनों के व्यस्त टेस्ट कार्यक्रम की शुरुआत है. इस दौरान ऑस्ट्रेलिया को कुल 20 टेस्ट खेलने हैं और दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड का दौरा भी करना है.
ये भी पढ़ें: स्टार्क बने सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज, बांग्लादेश के खिलाफ बनाया रिकॉर्ड
