Arshdeep Singh: पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने जैसा रहा. इस सीजन में उनकी गेंदबाजी बिल्कुल बेअसर दिखाई दी. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच में भी उनका खराब फॉर्म जारी रहा. विरोधी बल्लेबाजों ने उनकी गेंदों पर जमकर रन बटोरे, जिसके चलते वह टीम के सबसे खर्चीले गेंदबाज बने.
लगातार विवादों में रहे अर्शदीप सिंह
इस आईपीएल सीजन में अर्शदीप सिंह की चर्चा मैदान से ज्यादा सोशल मीडिया पर हुई. उनके कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें वे साथी खिलाड़ियों की खिंचाई करते नजर आए. खासकर तिलक वर्मा के साथ आए उनके एक वीडियो पर तो इंटरनेट पर जमकर बवाल काटा गया. अब फैंस का मानना है कि अर्शदीप का ध्यान क्रिकेट से भटक कर ऑफ-फील्ड एक्टिविटीज पर आ गया है. इसी लापरवाही का नतीजा मैदान पर उनके खराब प्रदर्शन के रूप में दिख रहा है.
खराब दौर से गुजर रहे अर्शदीप सिंह
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अर्शदीप सिंह पूरी तरह फ्लॉप रहे. उन्होंने अपने 3 ओवर में 17 की इकोनॉमी से 52 रन दे डाले, जबकि उनके हाथ एक भी सफलता नहीं लगी. यह खराब प्रदर्शन सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं है, वे पूरे सीजन में खर्चीले साबित हुए हैं. बाएं हाथ के इस गेंदबाज के लिए आईपीएल 2026 के रिकॉर्ड परेशान करने वाले हैं. अपने डेब्यू के बाद यह पहली बार है जब अर्शदीप इतने बेअसर नजर आए हैं.
डेथ ओवरों के किंग हुए फेल
आंकड़ों पर नजर डालें तो इस सीजन में अर्शदीप ने 14 मैचों में सिर्फ 14 विकेट लिए. जबकि उनका इकोनॉमी रेट 10.12 का रहा. डेब्यू के बाद यह उनका सबसे महंगा सीजन है. अपनी सटीक यॉर्कर के दम पर आखिरी ओवरों में बल्लेबाजों को बांधकर रखने वाले अर्शदीप इस बार रनों की रफ्तार रोकने में पूरी तरह नाकाम रहे. जिससे पंजाब की गेंदबाजी बेहद कमजोर नजर आई.
यह भी पढ़े- प्लेऑफ की रेस हुई रोमांचक, RR, PBKS और KKR में से कौन मारेगा बाजी
