अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने शुक्रवार को आयरलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया. रहमत शाह की कप्तानी वाली टीम से अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को बाहर रखा गया है, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी की वापसी हुई है.
21 जुलाई को वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने वाले हशमतुल्लाह शाहिदी बतौर बल्लेबाज टीम में शामिल हैं. तेज गेंदबाजी विभाग में फारूकी के साथ यामीन अहमदजई और सलीम सफी को जगह मिली है. इसके अलावा स्टार लेग स्पिनर राशिद खान, सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान, विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज, ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई और ऑफ स्पिनर एएम गजनफर भी टीम का हिस्सा हैं.
नबी हुए बाहर, चार खिलाड़ी रिजर्व में
टीम से बाहर किए गए खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी का है. वहीं भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज फरीद मलिक और बिलाल सामी को लेग स्पिनर कैस अहमद और तेज गेंदबाज बशीर अहमद के साथ रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है.
अफगानिस्तान की वनडे टीम
रहमत शाह (कप्तान), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई, नांग्याल खारोताई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, सलीम सफी, फजलहक फारूकी और जिया उर रहमान शरीफी.
रिजर्व: कैस अहमद, फरीद मलिक, बिलाल सामी और बशीर अहमद.
5 अगस्त से शुरू होगी सीरीज
रहमत शाह के वनडे और टेस्ट कप्तान बनने के बाद यह उनकी पहली वनडे सीरीज होगी. पांच मैचों की यह सीरीज 5 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगी. शुरुआती दो मुकाबले ब्रेडी क्रिकेट क्लब में 5 और 7 अगस्त को खेले जाएंगे, जबकि अंतिम तीन मैच 10, 12 और 15 अगस्त को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में होंगे. अफगानिस्तान ने आखिरी बार मार्च 2024 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी, जिसमें उसने 2-0 से जीत दर्ज की थी.
ये भी पढ़ें: IND vs ZIM Live Streaming: फ्री में कब, कहां और कैसे देखें भारत-जिम्बाब्वे का दूसरा टी20?
