Ravi Shastri On Rohit Sharma: भारत के पूर्व मुख्य कोच और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा की 138 रन की शानदार पारी को उनके आलोचकों के लिए करारा जवाब बताया है. शास्त्री ने कहा कि रोहित के बल्ले ने उन सभी सवालों का जवाब दे दिया, जो उनके भविष्य और संन्यास को लेकर उठाए जा रहे थे.
138 रन की खेली दमदार पारी
दरअसल, लॉर्ड्स में खेला गया वनडे मैच कई रिपोर्ट्स में रोहित शर्मा का भारत के लिए आखिरी वनडे बताया जा रहा था. हालांकि, इस मुकाबले में रोहित ने 138 रन की दमदार पारी खेलकर न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि अपने भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगा दिया.
आलोचकों को दिया करारा जवाब
मंगलवार को द हंड्रेड 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रोहित शर्मा लंदन के किआ ओवल स्टेडियम में दर्शक दीर्घा में नजर आए. एमआई लंदन और सनराइजर्स लीड्स के बीच मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री ने रोहित के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बल्ले ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है.शास्त्री ने कमेंट्री के दौरान कहा, हिटमैन यहां मौजूद हैं और अब पूरी तरह रिलैक्स होंगे. आखिरी वनडे से पहले उनके बारे में काफी बातें हो रही थीं, लेकिन उन्होंने 138 रन की पारी खेलकर बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि सारे आलोचक शांत हो गए. यह लॉर्ड्स में उनका पहला शतक भी था. रोहित ने अपने करियर में सब कुछ हासिल किया है और मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब भी जिताए हैं.
रविचंद्रन अश्विन ने भी किया समर्थन
वहीं, भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर बड़ा बयान दिया. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि अगर ये दोनों खिलाड़ी खेलना चाहते हैं तो चयनकर्ता या टीम प्रबंधन उन्हें बाहर करने की स्थिति में नहीं हैं. अश्विन ने कहा, रोहित शर्मा के नाम लगभग 12 हजार वनडे रन हैं. उनके रिकॉर्ड ऐसे हैं कि उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. विराट और रोहित जैसे खिलाड़ी सिर्फ बल्लेबाज नहीं हैं, बल्कि करोड़ों प्रशंसकों की भावनाओं से जुड़े हुए हैं. अगर उन्हें टीम से बाहर किया गया तो बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा.
इसे भी पढ़े- द हंड्रेड 2026 का हुआ आगाज, स्मृति मंधाना के साथ-साथ चार भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगी दम
