एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप की शुरुआत शनिवार (25 जुलाई) को भारतीय फुटबॉल की सबसे बड़ी टक्कर कोलकाता डर्बी से होगी. उद्घाटन मुकाबले में ईस्ट बंगाल एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट की टीमें कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में आमने-सामने होंगी. मैच भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे शुरू होगा. टूर्नामेंट के सभी 43 मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी टेन 5 पर होगा, जबकि सोनीलिव पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी.
दो दिग्गज टीमों की भिड़ंत
डूरंड कप के इतिहास में मोहन बागान सबसे सफल क्लब है, जिसने अब तक 17 खिताब जीते हैं. वहीं ईस्ट बंगाल ने 16 बार ट्रॉफी अपने नाम की है. दोनों क्लबों के बीच खिताबों का अंतर सिर्फ एक का है, जिससे हर डर्बी मुकाबला और भी रोमांचक बन जाता है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड
डूरंड कप में दोनों टीमें 20 से अधिक बार आमने-सामने आ चुकी हैं. दोनों ने 12 फाइनल भी खेले हैं, जिनमें ईस्ट बंगाल ने 6 और मोहन बागान ने 4 बार जीत दर्ज की, जबकि 2 फाइनल संयुक्त विजेता घोषित हुए. 2023 के फाइनल में मोहन बागान ने ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर 23 साल बाद डूरंड कप का खिताब जीता था.
मिगुएल फिगुएरा पर रहेंगी निगाहें
इस मुकाबले का एक और बड़ा आकर्षण ब्राजील के मिडफील्डर मिगुएल फिगुएरा डामासेनो होंगे. पिछले सीजन ईस्ट बंगाल को आईएसएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले फिगुएरा अब मोहन बागान की जर्सी में नजर आएंगे. डर्बी में यह उनका पहला मुकाबला होगा और सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर रहेंगी.
पिछले साल ईस्ट बंगाल ने दी थी मात
पिछले डूरंड कप में ईस्ट बंगाल ने क्वार्टर फाइनल में मोहन बागान को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था. ऐसे में इस बार दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला सिर्फ टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच नहीं, बल्कि पुरानी प्रतिद्वंद्विता का एक और रोमांचक अध्याय भी होगा.
26 जुलाई से रांची में शुरू होगा डूरंड कप
कोलकाता में उद्घाटन मुकाबले के बाद, डूरंड कप के कुछ अन्य रोमांचक मैच रांची में खेले जाएंगे. रांची में डूरंड कप के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक खेले जाएंगे. सभी मैच राजधानी के प्रतिष्ठित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होंगे. लीग चरण के कई अहम मुकाबलों के अलावा यहां एक क्वार्टर फाइनल भी खेला जाएगा, जिससे फुटबॉल प्रेमियों को हाई-वोल्टेज मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: भारतीय खिलाड़ियों का बदला फूड मेन्यू, SAI सेंटर में परोसा जा रहा जापानी खाना
