कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत का डबल सेलिब्रेशन, पुरुष और महिला टीमों ने जीता गोल्ड

भारतीय पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीमों ने कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप 2026 में अपना दबदबा कायम रखा. दोनों टीमों ने मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जो पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहीं. जानिए कैसे भारत ने यह शानदार जीत हासिल की.

Common Wealth Table Tennis Championship 2026 : भारत ने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया. नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने मलेशिया को हराकर टीम इवेंट का स्वर्ण पदक अपने नाम किया. खास बात यह रही कि दोनों भारतीय टीमें पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहीं.

मलेशिया को 3-2 से हराया

शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम को फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया से कड़ी चुनौती मिली. मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए शानदार रही, जब मानव ठक्कर ने जावेन चूंग को 3-1 से हराकर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद मनुष शाह ने वोंग क्यूई शेन को पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी.

मानव को दिया कांटे का टक्कर

हालांकि मलेशिया ने वापसी करते हुए तेय होंग यू ने जी. साथियान को सीधे गेमों में हराया. इसके बाद वोंग क्यूई शेन ने मानव ठक्कर को पांच गेम के संघर्षपूर्ण मुकाबले में मात देकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया. निर्णायक मुकाबले में मनुष शाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जावेन चूंग को 3-0 से हराया और भारत को लगातार दूसरी बार टीम खिताब दिला दिया.

मनुष शाह बने जीत के सबसे बड़े हीरो

फाइनल में मनुष शाह ने दोनों मुकाबले जीतकर भारत की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई. दूसरे मैच में उन्होंने पांच गेम तक चले मुकाबले में जीत हासिल की, जबकि निर्णायक मुकाबले में उन्होंने जावेन चूंग को सीधे गेमों में हराकर मलेशिया की उम्मीदें खत्म कर दीं. भारतीय पुरुष टीम में मानव ठक्कर, मनुष शाह, जी. साथियान, हरमीत देसाई और पायस जैन शामिल थे.

महिला टीम ने मलेशिया को 3-0 से दी शिकस्त

दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय महिला टीम ने फाइनल में छठी वरीयता प्राप्त मलेशिया को 3-0 से हराकर एकतरफा अंदाज में खिताब अपने नाम किया. स्वस्तिका घोष ने ऐई शिन टी को 3-1 से हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई. इसके बाद श्रीजा अकुला ने करेन लाइन अनाक डिक को पांच गेम तक चले मुकाबले में हराकर स्कोर 2-0 कर दिया. तीसरे मुकाबले में यशस्विनी घोरपड़े ने एलिस ली सियान चांग को 3-1 से हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिला दिया.

पूरे टूर्नामेंट में नहीं गंवाई कोई टाई

भारतीय महिला टीम ने ग्रुप चरण में मालदीव, दक्षिण अफ्रीका, नॉर्दर्न आयरलैंड, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा को 3-0 से हराया. सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 3-1 से मात देने के बाद फाइनल में मलेशिया को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता.

Also Read: 58वें मिनट में अमरजीत सिंह का निर्णायक गोल, एफसी रेंगदाई ने इंडियन नेवी को 1-0 से हराया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >