Vishwakarma Puja 2026: विश्वकर्मा पूजा का पावन पर्व हर साल 17 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाता है. इस दिन भगवान विश्वकर्मा की आराधना की जाती है, जिन्हें देवताओं का शिल्पकार माना जाता है. इस दिन कारखानों, दुकानों, गैरेज और अन्य कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों और वाहनों की भी पूजा का खास महत्व है. पूजा के दिन कुछ कामों को शुभ माना जाता है, तो कुछ चीजों से बचने की सलाह दी जाती है. कहते हैं कि सही विधि और नियमों का पालन कर पूजा करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस दिन क्या करें और क्या नहीं.
विश्वकर्मा पूजा के दिन क्या करें?
- कार्यस्थल और औजारों की सफाई करें: पूजा से पहले दुकान, फैक्ट्री, गैरेज और औजारों व मशीनों की अच्छी तरह साफ-सफाई करें.
- औजारों और मशीनों की पूजा करें: अपने काम से जुड़ी वस्तुओं, औजारों, मशीनों, वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की पूजा करें. इन पर रोली या सिंदूर से स्वास्तिक बनाएं और फूल व अक्षत अर्पित करें.
- मंत्र का जाप करें: पूजा के दौरान भगवान विश्वकर्मा का ध्यान करें और 'ॐ विश्वकर्मणे नमः' मंत्र का जाप करें.
- कारीगरों और मजदूरों का सम्मान करें: इस दिन अपने कर्मचारियों, कारीगरों, मिस्त्रियों और मजदूरों का सम्मान करें. उन्हें प्रसाद या अपनी क्षमता के अनुसार उपहार भी दे सकते हैं.
- दान-पुण्य करें: कन्या संक्रांति के अवसर पर जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्य जरूरी सामान का दान करना शुभ माना जाता है.
ये भी पढ़ें: Rishi Panchami 2026: ऋषि पंचमी आज, यहां जानें पूजा का शुभ मुहूर्त, विधि और धार्मिक महत्व
विश्वकर्मा पूजा के दिन क्या न करें?
- औजारों और मशीनों का इस्तेमाल न करें: धार्मिक मान्यता के अनुसार, पूजा के दिन औजारों और मशीनों को विश्राम दिया जाता है. इसलिए इनके इस्तेमाल से बचने की परंपरा है.
- औजारों का अपमान न करें: औजारों पर पैर लगाना, उन्हें इधर-उधर फेंकना या गंदा छोड़ना उचित नहीं माना जाता है.
- तामसिक चीजों का सेवन न करें: पूजा के दिन तामसिक चीजों जैसे मांस, मछली, अंडा, प्याज, लहसुन और शराब समेत अन्य चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए. ऐसा करना अशुभ माना जाता है.
- पुराने वाहन या मशीन बेचने से बचें: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन काम से जुड़ी वस्तुओं और वाहनों की बिक्री करने से बचना शुभ माना जाता है.
- कर्मचारियों से विवाद न करें: इस दिन अपने सहयोगियों, कारीगरों और मजदूरों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना शुभ माना जाता है. इसलिए बेवजह विवाद से बचें.
