Gemstone Astrology: पन्ना रत्न का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है. यह गहरे हरे से लेकर हल्के हरे रंग में पाया जाता है. ज्योतिष शास्त्र में बुध को वाणी, बुद्धि, तर्क, गणना और व्यापार का कारक माना गया है. कुंडली में बुध की स्थिति देखकर ही पन्ना धारण करने की सलाह दी जाती है. ऐसे में आइए ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा से जानते हैं कि किन लग्न और कुंडली की स्थिति में पन्ना शुभ फल दे सकता है और इसे पहनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
किन लोगों के लिए पन्ना धारण करना शुभ माना जाता है?
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, अगर जन्मकुंडली में बुध 2, 3, 4, 5, 7, 9, 10 या 11वें भाव का स्वामी होकर छठे भाव में स्थित हो, तो ऐसे जातकों के लिए पन्ना धारण करना लाभकारी माना जाता है. इससे जीवन में आने वाले कष्ट कम होने और लाभ मिलने की मान्यता है.
किन लोगों को पन्ना पहनने से बचना चाहिए?
पन्ना हर व्यक्ति के लिए शुभ नहीं माना जाता. ज्योतिषीय मत के अनुसार, अगर कुंडली में बुध की स्थिति अनुकूल नहीं है, तो पन्ना पहनने से बचने की सलाह दी जाती है. इसके अलावा अगर बुध ग्रह कुंडली के 6वें, 8वें या 12वें भाव में स्थित हो, तो पन्ना धारण करने से बचने की सलाह दी जाती है. ऐसी स्थिति में यह रत्न आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानियों का कारण भी बन सकता है.
पन्ना रत्न पहनने के क्या फायदे बताए जाते हैं?
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, पन्ना धारण करने से मानसिक अशांति और बेचैनी कम होती है. इसे बुद्धि और एकाग्रता से जोड़ा जाता है. व्यापार और नौकरी में भी इससे लाभ मिलता है.
पन्ना सुख-समृद्धि, संतान सुख और व्यापार में उन्नति के लिए भी लाभकारी माना जाता है. इसे नकारात्मक ऊर्जा और सर्प भय से बचाव से भी जोड़ा जाता है. हालांकि, इन दावों को वैज्ञानिक तथ्य नहीं माना जाता है.
ये भी पढ़ें: Gemstone Astrology: मूंगा रत्न किसे पहनना चाहिए? जानें सही लग्न, फायदे और धारण करने की विधि
इन लग्न वालों के लिए पन्ना शुभ माना जाता है
1. वृष लग्न
वृष लग्न में बुध दूसरे और पंचम भाव के स्वामी होते हैं. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस लग्न के जातकों को पन्ना पहनने से सुख-संपत्ति, संतान सुख, मान-सम्मान, यश और भाग्योदय का लाभ मिल सकता है.
2. मिथुन लग्न
मिथुन लग्न के जातकों के लिए बुध महत्वपूर्ण ग्रह होते हैं. इस लग्न में पन्ना पहनने से कष्ट और विपत्तियों से राहत मिल सकती है.
3. कन्या लग्न
कन्या लग्न में बुध लग्न और दशम भाव के स्वामी होते हैं. इस लग्न के जातकों के लिए पन्ना लाभकारी होता है. इसे पहनने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती के साथ व्यापार में उन्नति मिल सकती है.
4. तुला लग्न
तुला लग्न में बुध नवम और द्वादश भाव के स्वामी होते हैं. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस लग्न के जातक पन्ना को हीरा रत्न के साथ धारण कर सकते हैं. इससे शुभ परिणाम मिल सकते हैं.
5. मकर लग्न
मकर लग्न में बुध छठे और नवम भाव के स्वामी होते हैं. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, शनि और बुध के संबंध को देखते हुए इस लग्न के जातकों के लिए पन्ना पहनना लाभकारी होता है.
6. कुंभ लग्न
कुंभ लग्न में बुध पंचम और अष्टम भाव के स्वामी होते हैं. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस लग्न के जातकों के लिए पन्ना शुभ होता है. बुध की महादशा में इसे धारण करने से विशेष लाभ मिल सकता है.
पन्ना किस उंगली और धातु में पहनना चाहिए?
पन्ना रत्न को दाएं हाथ की छोटी उंगली में धारण करने की सलाह दी जाती है. इसे सोने या चांदी की अंगूठी में पहना जा सकता है.
पन्ना कब पहनना चाहिए?
पन्ना रत्न को शुक्ल पक्ष के किसी भी बुधवार की सुबह 10 बजे से पहले धारण करने की सलाह दी जाती है.
पन्ना पहनने की विधि
- बुधवार की सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें.
- पन्ना रत्न को पहले दूध से धोएं और फिर साफ पानी से धो लें.
- एक छोटी कटोरी में दूध लें और उसमें पन्ना रखें.
- इसमें हल्दी और कुमकुम अर्पित करें.
- अपने कुलदेवता की पूजा करें.
- भगवान गणेश की पूजा करें और उनके मंत्र का 108 बार जाप करें.
- इसके बाद बुधवार की सुबह 10 बजे से पहले पन्ना रत्न को दाएं हाथ की छोटी उंगली में धारण करें.
पन्ना पहनने के बाद क्या करें?
पन्ना धारण करने के बाद बुधवार के दिन व्रत रखें. इस दिन हरी सब्जियों का दान करें और बुध ग्रह से जुड़े मंत्र का जाप करें. इससे बुध ग्रह की कृपा प्राप्त होती है और पन्ना का शुभ प्रभाव बढ़ता है.
पन्ना पहनने से पहले कुंडली की जांच जरूरी
पन्ना बुध ग्रह का रत्न है, लेकिन इसे हर व्यक्ति के लिए शुभ नहीं माना जाता. कुंडली में बुध की स्थिति, लग्न, भाव और दूसरे ग्रहों के साथ उसके संबंध को देखकर ही पन्ना पहनने की सलाह दी जाती है. इसलिए रत्न धारण करने से पहले किसी विशेषज्ञ से कुंडली की जांच जरूर करवाएं.
ये भी पढ़ें: Gemstone Astrology: शुभ रत्न भी दे सकते हैं उल्टा असर, पहनने से पहले जानें 7 जरूरी बातें
