Jehanabad News : (संजय अनुराग की रिपोर्ट)
जिले में इन दिनों सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. गुरुवार की शाम अलग-अलग जगहों पर सांप के डंसने से चार लोग प्रभावित हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया, जबकि तीन का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, काको थाना क्षेत्र के बड़की मुरहारी गांव में धर्मेंद्र कुमार और तेज नारायण कुमार घर के बाहर गली में बैठे थे, तभी अचानक एक सांप ने दोनों को डंस लिया. घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने तुरंत दोनों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया.
एक रेफर, दूसरा का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया, जबकि तेज नारायण कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है. दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जाते हैं.
बिशुनगंज में राहुल और मीरा बीघा में ईशान को सांप ने डंस लिया
इसी तरह मखदुमपुर थाना क्षेत्र के बिशुनगंज में राहुल कुमार और टेहटा थाना क्षेत्र के मीरा बीघा गांव में ईशान अहमद को भी सांप ने डंस लिया. बताया जाता है कि दोनों व्यक्ति शाम के समय घूमकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में सांप ने उनके पैरों में डंक मार दिया.
दोनों को भी परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी के मौसम में सांपों के बिल से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं अधिक देखने को मिल रही हैं.
Also Read: जहांगीरपुर में श्रीरामचरित मानस नवाह ज्ञान यज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तिमय हुआ माहौल
