Delhi Laxmi Yojana : दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' की शुरुआत की है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी. योजना के लिए 1 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे. आवेदन के लिए सरकार ने एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है. सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र आवेदनों की जांच पूरी कर 28 अगस्त तक पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में भेज दी जाए.
सरकार का अनुमान है कि इस योजना का लाभ दिल्ली की करीब 17 लाख महिलाओं को मिलेगा. फिलहाल योजना को तीन साल के लिए लागू किया गया है. इसके बाद इसकी समीक्षा कर आगे बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंद महिलाओं तक बिना किसी बिचौलिए के सीधे आर्थिक मदद पहुंचाना चाहती है.
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
सरकार ने योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं तक सीमित रखने के लिए कुछ शर्तें तय की हैं. जिन परिवारों में तीन से अधिक बच्चे हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इसके अलावा जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, वे भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे.
इसके साथ ही लाभार्थी का दिल्ली का स्थायी निवासी होना, आधार और बैंक खाता होना तथा आवेदन में दी गई जानकारी का सत्यापन जरूरी होगा. सरकार पात्रता की जांच के बाद ही लाभ जारी करेगी, ताकि सहायता केवल जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचे.
ऑनलाइन होगा आवेदन और शिकायतों का समाधान
योजना के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे. सरकार ने बताया है कि इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन की स्थिति देखी जा सकेगी और किसी भी तरह की शिकायत या समस्या का समाधान भी ऑनलाइन किया जाएगा. इससे महिलाओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी.
ये भी जानना जरूरी है
- योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे.
- आवेदन 1 अगस्त 2026 से शुरू होंगे.
- पहली किस्त 28 अगस्त तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है.
- सरकार के अनुसार करीब 17 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी.
- आवेदन और शिकायत, दोनों की सुविधा ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगी.
- पात्रता की अंतिम पुष्टि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही होगी.
ये भी पढ़ें : Photos: जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट, बाढ़-भूस्खलन का खतरा बढ़ा, देखें 10 तस्वीरों में हालात
