गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक सवार महिला को कार से टक्कर मारने के मामले में नया मोड़ आ गया है. घायल महिला शिवानी चौहान उर्फ सिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कार चालक कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक सिया का कहना है कि यह महज दुर्घटना नहीं, बल्कि उसे जानबूझकर रोकने और टक्कर मारने की कोशिश थी.
अगर हादसा था तो मौके पर क्यों नहीं रुके?
सिया ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में सवाल उठाया कि अगर आरोपी वास्तव में दुर्घटना को लेकर परेशान था, तो टक्कर के बाद वह घटनास्थल पर क्यों नहीं रुका. उन्होंने आरोप लगाया कि कार ने उनकी स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मारी और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया. सिया ने कहा कि इस घटना में उनकी जान भी जा सकती थी.
CCTV फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कार चालक पहले सिया को रुकने का इशारा करता दिखाई देता है. इसके बाद कार उनकी बाइक की ओर मुड़ती है और उसे साइड से टक्कर मारती नजर आती है. पीछे चल रहे एक अन्य बाइक सवार के कैमरे में भी घटना रिकॉर्ड हुई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस ने संज्ञान लेकर दर्ज किया केस
गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज किया. शुरुआती तौर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के तहत कार्रवाई की गई. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं.
जांच के बाद हत्या की कोशिश की धारा जुड़ी
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि गहन जांच और CCTV फुटेज के विस्तृत विश्लेषण के बाद मामले में BNS की धारा 109 भी जोड़ी गई है. यह धारा हत्या की कोशिश से संबंधित है और इसके तहत 10 साल तक की जेल का प्रावधान है. पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
सिया ने कहा- महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं
सिया ने वीडियो में कहा कि दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं. उन्होंने कहा कि कार से टक्कर मारने के बाद आरोपी ने एक पल के लिए भी गाड़ी नहीं रोकी और यह जानने की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित हैं या नहीं. उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
ये भी पढ़ें: VIDEO : गुरुग्राम में महिला बाइक सवार का कार ने किया पीछा, फिर मारी टक्कर, Viral वीडियो में दिखा पूरा मामला
