Weather Forecast Update: दिल्ली में बारिश के आसार, जानें बिहार-यूपी समेत अन्य राज्यों का हाल

Weather Forecast Today Updates: दिल्ली में बारिश का दौर जारी है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. यूपी में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद कुछ राहत मिली है. झारखंड के कुछ जिलों में बारिश हो रही है. बिहार में तीन दिन से सक्रिय मॉनसून कुछ कमजोर हो जायेगा. ओडिशा में भारी बारिश का सिलसिला जारी है. जानें मध्‍य प्रदेश-छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्‍य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम

Live Updates
10:39 PM. 23 Jul 22 10:39 PM. 23 Jul

पाकिस्तान में वर्षा एवं बाढ़ के कारण अब तक 304 लोगों की मौत

पाकिस्तान में पांच हफ्ते से अधिक समय में मानसूनी बारिश एवं आकस्मिक बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 304 तक पहुंच गयी है. मध्य जून से ही बाढ़ के कारण नदियां उफान पर हैं और कई राजमार्ग एवं पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. इसके साथ ही करीब 9000 मकान या तो पूरी तरह नष्ट हो गए हैं या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं.

भाषा इनपुट

10:39 PM. 23 Jul 22 10:39 PM. 23 Jul

दक्षिणी ईरान में बाढ़, 21 से ज्यादा की मौत

ईरान के सूखाग्रस्त दक्षिणी फार्स प्रांत में अचानक आई बाढ़ में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है. प्रांत के गवर्नर युसेफ कारेगर के अनुसार, इस्ताहबन शहर में भारी बारिश के कारण रूदबल नदी ऊफान पर है. कारेगर ने कहा कि बचाव दल ने बाढ़ में फंसे 55 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया था, लेकिन कम से कम छह लोग अब भी लापता हैं.

भाषा इनपुट

10:39 PM. 23 Jul 22 10:39 PM. 23 Jul

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के शिमला के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि कोहरे के कारण शिमला और आसपास के जगहों में दृश्यता कम हो सकती है.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

जम्मू कश्मीर में बारिश की संभावना

मौसम विभाग की ओर से दी गयी जानकारी की मानें तो, जम्मू कश्मीर में 23 और 26 जुलाई को गरज के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 23 से 25 जुलाई के बीच हल्की से भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

जयपुर सहित अनेक इलाकों में मूसलाधार बारिश

राजस्थान में राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. बीते चौबीस घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश कोटा के लाडपुरा में 13 सेंटीमीटर दर्ज की गयी. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अ‍वधि में कोटा के लाडपुरा में 13 सेंटीमीटर, जयपुर तहसील मे 10 सेंटीमीटर, टोंक के देवली में नौ सेंटीमीटर, झालावाड़ के मनोहरथाना व चुरू के बीदासर में आठ सेंटीमीटर और अलवर के थानागाजी में सात सेंटीमीटर पानी बरसा.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

असम में बाढ़ से उत्पन्न हालात में सुधार

असम में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति में सुधार हुआ है, जबकि तीन जिलों में 10,000 से अधिक लोग अब भी प्रभावित हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि कछार, मोरीगांव और तामूलपुर जिलों में बाढ़ से 10,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं. कछार जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 6,600 से अधिक लोग अब भी बाढ़ की चपेट में हैं.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

तेलंगाना में बारिश के कारण पांच लोगों की मौत

तेलंगाना में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गयी है. वारंगल के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि शुक्रवार रात को मूसलाधार बारिश के कारण एक पुरानी इमारत गिर गयी और उससे सटी झोंपड़ी में रहने वाले दो लोगों की मौत हो गयी तथा एक घायल हो गया. मेदक जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चेगुंटा में बारिश के कारण शनिवार सुबह एक फैक्ट्री की दीवार गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

श्रीनगर में आज होगी बारिश

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आज बारिश हो रही है. बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होगी.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के दैनिक बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं.

2:25 PM. 23 Jul 22 2:25 PM. 23 Jul

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल की इस अवधि के सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

मॉनसून के जोर पकड़ने के कारण हरियाणा, पंजाब में अच्छी बारिश

हरियाणा और पंजाब में पिछले दो सप्ताह में मानसून गतिविधियों में तेजी आने के कारण दोनों राज्यों के अधिकतर हिस्सों में एक जून से 22 जुलाई के बीच अधिक बारिश हुई है. देश की कुल वार्षिक बारिश की करीब 70 प्रतिशत वर्षा मानसून में होती है और देश के करीब 60 प्रतिशत बुआई क्षेत्र सिंचाई के लिए इसी पर निर्भर करता है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. प्रशासन इसके मद्देनजर अलर्ट है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शनिवार को बारिश का दौर लगातार जारी रहने के आसार हैं. क्षेत्रीय मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी करने का काम किया है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. लखनऊ में आज गरज के साथ बारिश की संभावना मौसम विभाग ने व्‍यक्‍त की है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश

दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई, जबकि कई इलाके बादलों के बरसने का इंतजार करते रह गये. शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है, क्योंकि आईएमडी ने हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है.

9:36 AM. 23 Jul 22 9:36 AM. 23 Jul

बिहार में 28 जुलाई से झमाझम बारिश

बिहार में तीन दिन से सक्रिय मॉनसून कुछ कमजोर हो जायेगा. आइएमडी के मुताबिक बिहार में अब 28 जुलाई से झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान है. हालांकि अभी अगले पांच दिन बिहार में सामान्य या इससे कुछ बारिश होती रहेगी. इसकी वजह से कम गर्मी महसूस होगी. शुक्रवार को बिहार में 37 जिलों में बारिश हुई. इस दिन प्रदेश में औसतन 13 मिलीमीटर बारिश हुई है.

8:22 AM. 23 Jul 22 8:22 AM. 23 Jul

राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी

दो नये पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता के बीच राजस्थान में अगले तीन चार दिन मानसून जोरों पर रहने का अनुमान है और इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी की गयी है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार देश में दो नये पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता के बीच शनिवार एवं रविवार को राज्य के अनेक हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा.

8:22 AM. 23 Jul 22 8:22 AM. 23 Jul

झारखंड में सूखे के आसार

झारखंड में सूखे के आसार दिखने शुरू हो गये हैं. पिछले 10 साल में अब तक सबसे कम बारिश हुई है. विभाग भी इसे लेकर चिंतित है. इसलिए उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी. हालत ये हो गयी है कि इस साल धान के बिचड़े पर भी संकट मंडराने लगा है.

भाषा इनपुट के साथ

मुख्य बातें

Weather Forecast Today Updates: दिल्ली में बारिश का दौर जारी है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. यूपी में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद कुछ राहत मिली है. झारखंड के कुछ जिलों में बारिश हो रही है. बिहार में तीन दिन से सक्रिय मॉनसून कुछ कमजोर हो जायेगा. ओडिशा में भारी बारिश का सिलसिला जारी है. जानें मध्‍य प्रदेश-छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्‍य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >