Weather Forecast: दिल्ली की हवा में सुधार, यूपी में बारिश के आसार, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Weather Forecast Today: स्काइमेट वेदर के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब राजस्थान के पश्चिमी भागों पर है. मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जिसका असर नजर आ रहा है. जानें अपने राज्य के मौसम का हाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार शाम गरज के साथ बारिश हुई और ओले गिरे. इसके परिणामस्वरूप वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखने को मिली. मंगलवार को दिल्ली में धुंध की परत छाई हुई है. शहर में समग्र वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है. बारिश के बाद दिल्ली की हवा में सुधार हुआ और AQI 387 पहुंचा.

मौसम विज्ञानियों ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और सुबह में हल्का से लेकर मध्यम कोहरा छाये रहने का पूर्वानुमान किया है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: करीब 25 डिग्री सेल्सियस और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बेमौसम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है. बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में पारा कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है, जिससे दिन का मौसम थोड़ा ठंडा हो गया है.

राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार को ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 60 मिलीमीटर बारिश बाड़मेर के सिंदरी इलाके में रिकॉर्ड की गई. विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से मौसम तंत्र का असर धीरे-धीरे कमजोर होने पर बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और इस दौरान मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने और अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आने के आसार हैं.

गुजरात के विभिन्न हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से 27 लोगों की मौत हो गई. बारिश से घरों और खड़ी फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है.

स्काइमेट वेद के अनुसार, मध्य प्रदेश, तटीय तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं.

Also Read: Weather Today: दिल्ली में गरज के साथ बारिश, जानिए एमपी-यूपी समेत अन्य राज्यों का मौसम

उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, लक्षदीप और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना स्काइमेट वेदर ने व्यक्त की है.

झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में ठंड बढ़ चुकी है. रांची समेत झारखंड में बादल छाए नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से बादल छंटने के बाद राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में कनकनी बढ़ सकती है.

बिहार में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. पटना स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र की मानें तो राज्य के उत्तर- पश्चिम और दक्षिण पश्चिम भागों के एक या दो स्थानों में हल्की बारिश की संभावना है. व्रजपात और मेघगर्जन के भी आसार इन इलाकों में हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >