मौसम : दिल्ली और यूपी के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आ गया IMD का अलर्ट

Weather Forecast : मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 6 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 6 मई तक हिमाचल प्रदेश में जबकि 5 से 8 मई के बीच उत्तराखंड में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. तेज हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम ठंडा बना रहेगा.

5 और 6 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मौसम थोड़ा बिगड़ा रह सकता है. इन दिनों गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और हवाएं 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 और 6 मई को जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 मई को बारिश के आसार हैं.

बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार

5 से 8 मई के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका) और सिक्किम में मौसम बदला-बदला रहेगा. गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और हवाएं 30-50 किमी/घंटा तक चल सकती हैं. वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, हुगली वाला इलाका) में 6 से 8 मई के दौरान ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का कैसा रहेगा मौसम

6 से 8 मई के बीच मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम बदला-बदला रहेगा. वहीं, विदर्भ में 5 से 7 मई तक ऐसा ही हाल रहेगा. इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

केरल के अलावा यहां होगी बारिश

केरल और माहे में 5 से 8 मई तक, वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में 6 से 8 मई के बीच बारिश के आसार हैं. तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 5 से 6 मई तक कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान की बात करें तो पश्चिमी हिस्सों में 5 से 7 मई और पूर्वी राजस्थान में 5 से 8 मई के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 5 से 8 मई के बीच राजस्थान का मौसम बदला-बदला रहने वाला है. इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जिससे भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. कई इलाकों में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. खासकर दोपहर बाद कहीं-कहीं आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा में बारिश के आसार हैं, जबकि पश्चिमी हिस्सों जैसे बीकानेर में हल्की बारिश हो सकती है.

दिल्ली ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली में सोमवार (4 मई) देर रात गरज के साथ बारिश हुई. मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. दिल्ली में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. एनसीआर के दादरी, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं गुलावटी, स्याना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद और अनूपशहर में हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है.

पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.

अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.

प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >