Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 28 से 31 जुलाई के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, 27 से 29 जुलाई के अलावा 1 से 2 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
विभाग के अनुसार, 28 जुलाई और 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं, 28 से 30 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 29 जुलाई के दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा. रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. रांची, बोकारो, हजारीबाग, चतरा और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए येलो अलर्ट (सतर्क रहने की सलाह) जारी किया गया है. दूसरी ओर देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में सामान्य बारिश की संभावना है.
बिहार में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पटना, गया, नालंदा, नवादा, लखीसराय, बेगूसराय, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर सहित मध्य बिहार के जिलों में सामान्य बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में हो सकती भारी बारिश
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, 30 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है. मंगलवार, 28 जुलाई को सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, शामली, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
दक्षिण बंगाल में भारी बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव 28 जुलाई तक दक्षिण बंगाल के जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का कारण बन सकता है. आईएमडी ने कहा कि दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में मंगलवार तक भारी बारिश होने का अनुमान है. राज्य के उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में एक अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
राजस्थान में 29 जुलाई से कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
राजस्थान में इस सप्ताह मानसून के फिर तेज होने की संभावना है. आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से दो अगस्त तक राज्य के अधिकांश भागों में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहेगा और झमाझम बारिश हो सकती है. इस दौरान पूर्वी तथा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं.
