Very Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक 22 जून से लेकर 27 जून तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पूरे सप्ताह यानी 22 से 28 जून तक रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. पहाड़ी इलाकों में लैंड स्लाइट का भी खतरा है. बात करें मैदानी इलाकों की तो दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 से 24 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं राजस्थान के कई इलाकों में पूरे सप्ताह मौसम एक्टिव रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक 22 जून को जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर समेत कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश और तेज हवा का दौर
पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ तथा छत्तीसगढ़ में 22 से 28 जून के दौरान कई इलाकों में बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में मानसून की जोरदार बारिश
पूर्वी भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहा है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में 22 से 28 जून तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. झारखंड में 23 से 27 जून के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. वहीं, बिहार में 22 जून और 25 से 27 जून के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 22 जून को कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में पूरे सप्ताह बारिश जारी रहने की संभावना है. 22 जून और 26 से 27 जून को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी 22 से 28 जून के बीच लगातार बारिश का दौर बना रहेगा.
किन राज्यों में इस सप्ताह हो सकती है बहुत भारी बारिश
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम
- बिहार के कई इलाके
- अरुणाचल प्रदेश
- असम और मेघालय
- कोंकण और गोवा
- केरल और तटीय कर्नाटक
पूर्वोत्तर भारत के सातों राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 28 जून के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक 22 से 24 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश और 23 से 25 जून के दौरान असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश की संभावना है.
23 से 27 जून तक पश्चिम भारत में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 27 जून के दौरान कोंकण और गोवा में कई इलाकों में बारिश की संभावना है. आईएमडी ने कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मुंबई और आसपास के तटीय क्षेत्रों में भी बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में 22 से 28 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी.
किन इलाकों में चलेगी 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी
- पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान
- जम्मू-कश्मीर
- छत्तीसगढ़
- बिहार
- झारखंड
- तेलंगाना
- आंध्र प्रदेश
केरल और तटीय कर्नाटक समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रह सकता है. 22 से 24 जून और 25 से 27 जून के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेलंगाना, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी चल सकती है. वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में पूरे सप्ताह छिटपुट से लेकर मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
Also Read: 22,23,24,25,26,27 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश, इन राज्यों में पड़ेंगे गरज-चमक के साथ छीटें
