CBI जांच से ही ट्विशा शर्मा को मिलेगा न्याय? परिवार का आया रिएक्शन

ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को भोपाल लाया गया है. पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग करेगी. इस बीच ट्विशा शर्मा के परिवार के लोगों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है.

मॉडल से अभिनेत्री बनीं ट्विशा शर्मा की कथित दहेज हत्या मामले में गिरफ्तार पति समर्थ सिंह को शुक्रवार (22 मई) देर रात जबलपुर से भोपाल लाया गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे पूछताछ के लिए उसकी न्यायिक हिरासत मांगी जाएगी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्व न्यायाधीश और भोपाल उपभोक्ता अदालत की चेयरपर्सन गिरिबाला सिंह के बेटे सिंह को देर रात करीब एक बजकर 59 मिनट पर कटारा हिल्स पुलिस थाने लाया गया.

ट्विशा शर्मा के अंकल लोकेश शर्मा ने कहा कि अगर जल्द से जल्द CBI जांच नहीं हुई, तो सबूतों से छेड़छाड़ और मृतका की छवि खराब करने की कोशिशें जारी रहेंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह अब भी अपने पद पर बनी हुई हैं, जबकि उन्हें अब तक निलंबित कर दिया जाना चाहिए था. परिवार का कहना है कि मामले को प्रभावित करने के आरोप में गिरिबाला सिंह और अन्य अधिकारियों की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके.

लोकेश शर्मा ने कहा कि इसी वजह से उन्होंने जांच मध्य प्रदेश से बाहर कराने की मांग की है, क्योंकि उन्हें अधिकारियों और पुलिस के बीच मिलीभगत का शक है. उन्होंने दूसरे पोस्टमॉर्टम को जल्द कराने की भी मांग की, ताकि अंतिम संस्कार हो सके. परिवार को उम्मीद है कि CBI जांच और सुप्रीम कोर्ट से उन्हें न्याय मिलेगा.

समर्थ सिंह था 10 दिन से फरार

मिसरोद के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश कश्यप के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के सदस्य पुलिस की गाड़ी से समर्थ सिंह के अलावा उसके वकील को लेकर आधी रात के बाद थाने पहुंचे. सिंह 10 दिन से फरार था और लगातार पुलिस से बच रहा था. उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था. समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर पुलिस ने जबलपुर जिला न्यायालय परिसर से हिरासत में लिया था, जहां वह आत्मसमर्पण के लिए पहुंचा था.

यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा की मौत की जांच अब सीबीआई करेगी, भाई ने कहा-निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी

समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

33 साल की ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था. ट्विशा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >